आगरा। किसानों के सम्मान, अधिकार और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अब किसान केवल आंदोलन तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि संसद और विधानसभा में पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में किसान क्रांति दल सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगा। यह बड़ा राजनीतिक ऐलान भारतीय किसान यूनियन (भानू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. भानु प्रताप सिंह ने आगरा में आयोजित पदभार ग्रहण एवं स्वागत-सम्मान समारोह में किया। उन्होंने कहा कि अब किसान संसद और विधानसभा का घेराव करने के बजाय स्वयं सदनों का हिस्सा बनेंगे, ताकि उनकी समस्याओं को सीधे सदन में उठाया जा सके।
शांति अपार्टमेंट, तेज नगर में आयोजित समारोह में भारतीय किसान यूनियन (भानू) के महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष आरती गोयल तथा राष्ट्रीय महामंत्री अशोक कुमार अग्रवाल ने नई जिम्मेदारियों का पदभार ग्रहण किया। संगठन के पदाधिकारियों ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण एवं स्वागत कर अभिनंदन किया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रदेश उपाध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के बाद आरती गोयल ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है और अन्न ही ब्रह्म है, लेकिन यह विडंबना है कि अन्नदाता को आज भी वह सम्मान और महत्व नहीं मिल पा रहा, जिसका वह वास्तविक हकदार है। किसानों की मेहनत से पूरे देश का पेट भरता है, इसके बावजूद उन्हें अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ता है। उन्होंने संकल्प लिया कि महिला मोर्चा के माध्यम से किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा और उन्हें उचित सम्मान, अधिकार तथा न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
राष्ट्रीय महामंत्री अशोक कुमार अग्रवाल ने कहा कि संगठन ने जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। किसानों की समस्याओं को एकजुट होकर उठाना और उनकी आवाज सरकार तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. भानु प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार से लगातार किसान आयोग के गठन की मांग की जा रही है, ताकि किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके और उन्हें उनकी फसलों का उचित मूल्य मिल सके। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का निर्धारण भी किसानों की भागीदारी से होना चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश के किसानों के सभी कर्ज माफ करने की मांग करते हुए कहा कि यदि बड़े उद्योगपतियों और राजनेताओं के कर्ज माफ किए जा सकते हैं तो देश के अन्नदाता किसानों के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल सरकार से मांगों को पूरा करने का निवेदन किया जा रहा है, लेकिन किसानों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
समारोह में प्रदेश अध्यक्ष गीता ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गजेंद्र शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री अजय गुप्ता, राष्ट्रीय सचिव मनजीत, जिला अध्यक्ष शीतल सिंह, युवा प्रदेश अध्यक्ष पवन समाधिया, संगठन मंत्री देव ठाकुर, जिला अध्यक्ष देवेश शर्मा, व्यापार मोर्चा जिला अध्यक्ष धर्मवीर, जिला महासचिव सोनू व्यास, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष अशोक तिवारी, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित अग्रवाल, युवा उपाध्यक्ष तुषार जादौन, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र गर्ग, जिला उपाध्यक्ष विमल, धनंजय प्रताप सिंह अतुल गोयल आदि उपस्थित रहे।
- किसान अब संसद और विधानसभा में भी बुलंद करेंगे अपनी आवाज…ठा. भानु प्रताप सिंह का बड़ा ऐलान, पांच राज्यों के चुनाव में प्रत्याशी उतारेगा किसान क्रांति दल - November 15, 2026
- लखनऊ में दरिंदगी की हदें पार! कुरान पढ़ाने की आड़ में मौलाना ने मासूम से सालभर किया दुष्कर्म, गिरफ्तार - November 15, 2026
- बलिया में छठ पर्व की खुशियां मातम में बदलीं: दो कारों में आगे निकलने की होड़ में पेड़ से टकराई कार, चार दोस्तों की मौत - November 15, 2026