लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने के लिए छात्रों और अभिभावकों द्वारा चलाई जा रही मुहिम में समाजवादी पार्टी पूरी तरह से उनके साथ है।
’बदले की भावना में काम कर रही सरकार’
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर संकीर्ण राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार बदले की भावना में जल रही है। उन्होंने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ लिया गया यह फैसला दुर्भावनापूर्ण और पक्षपाती है। सपा प्रमुख ने कहा, “इस कार्रवाई के खिलाफ हमारे साथ छोटे से छोटे कार्यकर्ता से लेकर बड़े नेता और वे हजारों बच्चे व उनके मेहनतकश माता-पिता खड़े हैं, जिनके सपनों पर भाजपा सरकार बुलडोजर चलाने की निकृष्ट कोशिश कर रही है।”
’शिक्षा के मंदिरों को बचाने की अपील’
अखिलेश यादव ने कहा कि हर विश्वविद्यालय शिक्षा का मंदिर होता है और वे देश भर से लोगों से अपील करते हैं कि वे इस मंदिर को बचाने के लिए आगे आएं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा अब हर समाज के युवाओं के विरुद्ध हो गई है? उन्होंने सुझाव दिया कि यदि यूनिवर्सिटी के दस्तावेजों में कोई कागजी कमी है, तो उसे पूरा करके संस्थान को बचाया जाना चाहिए, न कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जाए। उन्होंने कहा कि यहाँ गरीब परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं, जिनके पास भाजपा नेताओं की तरह अपने बच्चों को विदेशों में पढ़ाने के साधन नहीं हैं।
’शिक्षा के विरुद्ध है भाजपा’
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा वास्तव में शिक्षा के ही विरुद्ध है, क्योंकि शिक्षित लोग जागरूक होते हैं और अन्याय के खिलाफ सवाल उठाते हैं, जो दकियानूसी सोच वाली भाजपा को पसंद नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भाजपाई और उनके साथी प्राइमरी स्कूलों से लेकर विश्वविद्यालयों तक को बंद करवाने की साजिश रचते रहते हैं ताकि युवा नौकरी और रोजगार न मांग सकें।
अखिलेश यादव ने कहा कि जब प्राइमरी स्कूल बंद किए गए थे, तब ‘पीडीए पाठशाला’ खोलकर भाजपा की साजिश नाकाम कर दी गई थी, और अब इसी वजह से यूनिवर्सिटी उनके निशाने पर है।
’घिनौनी साजिश का आरोप’
अखिलेश यादव ने अंत में कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी पर हो रहा यह हमला हर समाज के विद्यार्थियों के खिलाफ एक घिनौनी साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग खुद के स्कूल-विद्यालय चला रहे हैं, वे प्रतिशोध की भावना से दूसरों के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई का षड्यंत्र रच रहे हैं, जो कि अति निंदनीय है।
- आगरा में लाखों की चांदी का ‘गेम’: कुरियर से भेजी गई 29 किलो से अधिक पायल न खरीदार को मिली, न वापस आई; कोतवाली में मुकदमा दर्ज - July 20, 2026
- आगरा में चलती स्कूटी बनी आग का गोला: कॉलेज जा रही युवती ने दिखाई सूझबूझ, बड़ा हादसा टला - July 20, 2026
- आगरा में ‘जीवा ज्वैलरी’ चोरी का खुलासा: अंतरराज्यीय गिरोह के 5 शातिर गिरफ्तार, नेपाल और दिल्ली तक फैला था नेटवर्क - July 20, 2026