लखनऊ: राजधानी लखनऊ के तालकटोरा इलाके से एक अत्यंत विचलित करने वाली घटना सामने आई है, जहाँ स्कूल की वैन चलाने वाले ड्राइवर ने चार साल की एक मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की। शनिवार को बच्ची की तबीयत बिगड़ने और अस्पताल ले जाने पर इस घिनौनी करतूत का खुलासा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
अस्पताल में खुला हैवानियत का राज
मिली जानकारी के मुताबिक राजाजीपुरम इलाके में रहने वाले एक कामकाजी दंपती की चार साल की बेटी स्कूल की नर्सरी कक्षा में पढ़ती है। रोज की तरह शुक्रवार को भी उसके पिता उसे स्कूल छोड़ने गए थे और छुट्टी के बाद वह वैन से घर लौटी। घर आने के बाद से ही मासूम सहमी हुई थी लेकिन माता-पिता काम की व्यस्तता के कारण शुरुआत में कुछ समझ नहीं पाए।
शनिवार को जब बच्ची को तेज बुखार आया और उसने पेट में तेज दर्द की शिकायत की तो माता-पिता घबराकर उसे अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जब बच्ची का मेडिकल परीक्षण किया तो उनके होश उड़ गए। डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है। जब मां ने दुलार कर मासूम से पूछा तो उसने रोते हुए वैन वाले अंकल की पूरी करतूत बयां कर दी।
थाने में आरोपी को देखते ही सिहर उठी मासूम
बिलखते हुए माता-पिता तुरंत बच्ची को लेकर तालकटोरा थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना वक्त गंवाए दबिश दी और आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लेकर थाने आई। थाने में जैसे ही मासूम की नजर आरोपी पर पड़ी वह डर के मारे कांप उठी और रोते हुए अपनी मां से लिपट गई। उसने आरोपी की तरफ उंगली उठाकर बताया कि इसी अंकल ने उसके साथ गंदी हरकत की थी। पुलिस ने फौरन केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
20 साल का अनुभवी, पर निकला ‘भेड़िया’
पकड़े गए आरोपी की पहचान उन्नाव के रहने वाले गिरीश मिश्रा के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में उसने अपना गुनाह मान लिया है। आरोपी ने बताया कि बच्चों को वैन में बैठाने और उतारने के दौरान उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया था। वह पिछले 20 सालों से अलग-अलग जगहों और संस्थानों में ड्राइविंग का काम कर रहा है। वह इस स्कूल में कब से वैन चला रहा था पुलिस इसकी जांच कर रही है।
प्रशासनिक और पुलिस की कार्रवाई
डीसीपी वेस्ट कमलेश दीक्षित ने बताया कि तालकटोरा थाना क्षेत्र में नर्सरी की छात्रा के साथ वैन ड्राइवर द्वारा दुराचार करने का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर तुरंत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है और आरोपी गिरीश मिश्रा को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
- आगरा में लाखों की चांदी का ‘गेम’: कुरियर से भेजी गई 29 किलो से अधिक पायल न खरीदार को मिली, न वापस आई; कोतवाली में मुकदमा दर्ज - July 20, 2026
- आगरा में चलती स्कूटी बनी आग का गोला: कॉलेज जा रही युवती ने दिखाई सूझबूझ, बड़ा हादसा टला - July 20, 2026
- आगरा में ‘जीवा ज्वैलरी’ चोरी का खुलासा: अंतरराज्यीय गिरोह के 5 शातिर गिरफ्तार, नेपाल और दिल्ली तक फैला था नेटवर्क - July 20, 2026