यूपी चुनाव 2027 से पहले ओपी राजभर का बड़ा ऐलान; जहूराबाद छोड़ अंबेडकरनगर की अकबरपुर सीट से लड़ेंगे चुनाव

POLITICS

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने गाजीपुर जिले की अपनी पारंपरिक विधानसभा सीट जहूराबाद छोड़ने का निर्णय लिया है। एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में ओपी राजभर ने दावा किया कि वह आगामी चुनाव में अंबेडकरनगर जिले की अकबरपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।

बेटों के लिए सीट छोड़ने और अतरौलिया पर दावेदारी की चर्चा

चुनाव से पहले ओपी राजभर का यह बयान राजनीतिक हलकों में काफी अहम माना जा रहा है। हाल ही में उन्होंने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी, जिस दौरान उनके दोनों बेटे भी साथ मौजूद थे। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर भी अपनी दावेदारी पेश की है।

जानकारी के मुताबिक, राजभर अपने बेटे को अतरौलिया सीट से चुनाव मैदान में उतारना चाहते हैं, जबकि एनडीए के एक अन्य घटक दल निषाद पार्टी भी इस सीट पर अपना दावा ठोक रही है।

​2027 में दोनों बेटों को उतारने की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, ओपी राजभर 2027 के विधानसभा चुनाव में अपने दोनों बेटों को चुनावी मैदान में उतारना चाहते हैं और इसी रणनीति के तहत अपनी पारंपरिक सीट छोड़ने का फैसला ले सकते हैं। हालांकि, एनडीए के भीतर अभी औपचारिक सीट बंटवारे को लेकर अंतिम फैसला नहीं हुआ है और आने वाले समय में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

उल्लेखनीय है कि सुभासपा प्रमुख के बेटे अरविंद राजभर (अरुण राजभर) को वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में घोसी सीट से पराजय का सामना करना पड़ा था। इससे पहले 2022 के विधानसभा चुनाव में भी वह शिवपुर सीट से चुनाव नहीं जीत पाए थे। ऐसे में अब उनके लिए अतरौलिया सीट पर दावेदारी को लेकर सियासी समीकरणों पर नजरें टिकी हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh