लखनऊ। नीट री-एग्जाम (NEET REEXAM) के परिणामों में कथित धांधली को लेकर अब सियासी पारा गरमा गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
’NEET है या CHEAT?’ – अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने एक अभ्यर्थी का वीडियो साझा करते हुए भाजपा सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा, “NEET है या CHEAT है? NEET REEXAM में घपलों की खबरें बढ़ती जा रही हैं, लेकिन भाजपा सरकार में न तो किसी की जिम्मेदारी तय की जा रही है और न ही किसी की जवाबदेही।”
अखिलेश ने भाजपा संगठन पर कटाक्ष करते हुए कहा, “भाजपा के संगठन में शीर्ष पर बैठे लोग अपने किसी मंत्री पर दबाव बनाकर इस्तीफा लेने की स्थिति में नहीं हैं, क्योंकि उन्हें डर है कि कहीं वह मंत्री अन्य भाजपाई हिस्सेदारों के घपलों के राज न खोल दे। यही कारण है कि भाजपा सरकार के हर मंत्रालय में इस्तीफे नहीं होते।”
आर्या सिंह का मामला और कांग्रेस का हमला
इस बीच, कांग्रेस ने कानपुर की अभ्यर्थी आर्या सिंह का मामला उठाते हुए सरकार को घेरा है। आर्या सिंह का दावा है कि OMR शीट के अनुसार उसे 609 अंक मिलने चाहिए थे, लेकिन परीक्षा परिणाम में उसे 540 अंक प्राप्त हुए। आर्या के अनुसार, जब उनका परिवार परेशान होकर वेबसाइट चेक कर रहा था, तब रात के 2 बजे अचानक उसके अंक 540 से घटकर 167 हो गए।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर इस घटना को साझा करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर सीधा निशाना साधा। कांग्रेस ने लिखा, “शिक्षा मंत्री जी.. क्या यही वो ‘व्यवस्था’ है जिसके लिए आपने एयरफोर्स लगवाकर री-नीट करवाया था? छात्रों की मेहनत बर्बाद हो रही है, सपने टूट रहे हैं और इसके लिए आप व आपका सिस्टम जिम्मेदार है। आपको एक मिनट भी पद पर रहने का हक नहीं है।”
विपक्ष ने सरकार से जवाब मांगते हुए कहा है कि जनता अब यह पूछने लगी है कि ‘मुखबिरी और पेपर लीक में कोई ऐतिहासिक संबंध होता है क्या?’ साथ ही, उन्होंने इस पूरे मामले की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए शिक्षा मंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की है।
- आगरा व्यापार मंडल रचेगा इतिहास: चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर में 2000 से अधिक रक्तदाताओं का पंजीकरण पूरा, 16 अगस्त को दरेसी में होगा आयोजन - August 10, 2026
- अखिलेश यादव का सरकार पर तीखा हमला: छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिस एक्शन, FCRA बिल और राम मंदिर चढ़ावा चोरी जैसे मुद्दों को लेकर घेरा - August 10, 2026
- आगरा में पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल: भारत विकास परिषद नवज्योति शाखा ने कमला नगर पार्क में रोपे 51 फलदार और छायादार पौधे - August 10, 2026