Agra News: सीकरी पुलिस की तत्परता से बची जान; माता-पिता की डांट से आहत युवती ने शाही तालाब में लगाई छलांग, इंस्पेक्टर ने खुद पहुंचाया अस्पताल

स्थानीय समाचार

फतेहपुर सीकरी (आगरा)। ऐतिहासिक नगरी फतेहपुर सीकरी में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। माता-पिता की डांट से क्षुब्ध होकर एक 20 वर्षीय युवती ने ग्वालियर गेट स्थित प्राचीन शाही तालाब में छलांग लगा दी। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की मुस्तैदी के चलते युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह ने संवेदनशीलता दिखाते हुए खुद युवती को अपनी सरकारी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया।

नमाज की गश्त के दौरान मिली सूचना

घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे की है। उस समय प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह पुलिस बल के साथ जुमे की नमाज को लेकर संतोष नगर मस्जिद के पास गश्त कर रहे थे। तभी सूचना मिली कि एक युवती शाही तालाब में कूद गई है। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और युवती को तालाब की गहराई से बाहर निकाल लिया।

​माता-पिता की डांट से थी परेशान

​प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवती घरेलू क्लेश और माता-पिता की डांट से काफी व्यथित थी। इसी तनाव में उसने आत्मघाती कदम उठाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने युवती और उसके परिवार की काउंसलिंग की। पुलिस ने परिजनों को सलाह दी कि वे बच्चों के साथ कठोरता के बजाय प्रेमपूर्वक व्यवहार करें।

​परिजनों का दावा: ‘ऊपरी साया’ है वजह

मामले में एक चौंकाने वाला पहलू भी सामने आया है। युवती के माता-पिता का मानना है कि घर में किसी ‘भूत-प्रेत’ का साया है, जिसके चलते वे कई तांत्रिकों और बाबाओं के चक्कर लगा चुके हैं। युवती का भी कहना है कि उसे होश ही नहीं रहा कि वह कब और कैसे तालाब तक पहुंच गई। हालांकि, पुलिस इसे मानसिक तनाव और घरेलू विवाद से जोड़कर देख रही है।

सुरक्षा घेरा बढ़ाने की मांग

शाही तालाब में बढ़ती घटनाओं को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अधिकारियों से वार्ता कर तालाब के चारों ओर ऊँची लोहे की जाली लगाने की मांग की है। गौरतलब है कि इसी तालाब से शुक्रवार सुबह ही एक युवक का शव बरामद हुआ था और पूर्व में भी यहाँ कई लोग जान दे चुके हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh