Agra News: जेठ की गंदी नजर और पति की बेरुखी, पीड़िता ने सुनाई आपबीती; पुलिस ने दर्ज किया संगीन धाराओं में केस

Crime

आगरा: ताजनगरी के सदर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न और यौन शोषण के रूह कंपा देने वाले आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि उसके जेठ ने न केवल उसकी निजता भंग की, बल्कि अश्लील वीडियो के दम पर उसे ब्लैकमेल कर अस्मत लूटने का प्रयास भी किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

नहाते समय बनाया वीडियो, फिर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका जेठ काफी समय से उस पर बुरी नजर रखे हुए था। आरोप है कि जब भी वह नहाने जाती, जेठ छिपकर उसका न्यूड वीडियो रिकॉर्ड कर लेता था। इन्हीं वीडियो को दिखाकर आरोपी जेठ उसे ब्लैकमेल करने लगा और अवैध संबंध बनाने का दबाव डाला। महिला का दावा है कि जब उसने यह बात अपने पति को बताई, तो उसने साथ देने के बजाय भाई का ही पक्ष लिया, जिससे आरोपी के हौसले और बढ़ गए।

​आधी रात को कमरे में घुसा आरोपी

​महिला के अनुसार, एक रात जब उसका पति घर पर नहीं था, जेठ उसके कमरे में घुस आया। आरोपी ने पहले उसे मोबाइल पर वीडियो दिखाकर डराया और फिर जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकला। घटना के बाद जब पीड़िता ने अपनी सास और पति को आपबीती सुनाई, तो उन्होंने पीड़िता के साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया।

​दहेज में ‘फॉर्च्यूनर’ की मांग और 40 लाख की शादी

​पीड़िता की शादी 17 मार्च 2024 को मथुरा निवासी महेश के साथ हुई थी। महिला का आरोप है कि उसके पिता ने शादी में करीब 40 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन ससुराल वाले इससे संतुष्ट नहीं थे। अब उससे 10 लाख रुपये नकद और फॉर्च्यूनर गाड़ी की मांग की जा रही है। मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया जा रहा है।

​झूठ की बुनियाद पर टिकी शादी और ठगी के आरोप

महिला ने शिकायत में ससुराल पक्ष पर धोखाधड़ी के गंभीर आरोप भी लगाए हैं । शादी से पहले पति के पास देहरादून में पेट्रोल पंप, होटल और रियल एस्टेट का बड़ा कारोबार होने का दावा किया गया था, जो बाद में फर्जी निकला। पीड़िता का आरोप है कि उसके भाई से सरकारी नौकरी के नाम पर 10 लाख रुपये लिए गए, जिनमें से केवल 2 लाख ही वापस मिले।

सदर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब डिजिटल साक्ष्यों (मोबाइल वीडियो) और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Dr. Bhanu Pratap Singh