आगरा में इंसानियत शर्मसार: सड़क पर गिरी महिला की मदद करने पहुंचे युवकों को भीड़ ने बेरहमी से पीटा, अस्पताल में भी किया हमला

स्थानीय समाचार

​आगरा (पिनाहट): ताजनगरी के पिनाहट क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ सड़क हादसे का शिकार हुई एक महिला की मदद करना दो युवकों को भारी पड़ गया। घायल महिला को उठाने पहुंचे युवकों पर ‘शक’ के आधार पर हमला कर दिया गया और उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। यह सनसनीखेज मामला थाना पिनाहट के भदरौली मार्ग का है।

हादसे के बाद मदद बनी जी का जंजाल

जानकारी के अनुसार, भदरौली मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास सड़क पर बने गड्ढे के कारण एक बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे उस पर बैठी महिला सड़क पर गिर पड़ी। पीछे से अपनी बाइक पर आ रहे अभिषेक और अंकित (निवासी अर्जुनपुरा) ने जैसे ही यह मंजर देखा, वे तुरंत अपनी बाइक रोककर महिला की मदद के लिए दौड़े।

​समझाने के बावजूद नहीं रुके हमलावर

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अभिषेक और अंकित घायल महिला को सहारा देकर उठा ही रहे थे कि तभी महिला के साथ चल रहे कुछ लोग उन पर टूट पड़े। युवकों ने बार-बार गुहार लगाई कि वे केवल मदद कर रहे हैं और उनका हादसे से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन हमलावरों ने एक न सुनी।

अस्पताल में भी जारी रहा तांडव

हैरानी की बात यह है कि हमलावरों का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। जब घायल युवक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे, तो वहां भी उनके साथ मारपीट की गई। इस हिंसक झड़प में अभिषेक और अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए।

​पुलिस की कार्रवाई

पीड़ित युवकों ने लहूलुहान हालत में थाना पिनाहट पहुंचकर आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh