आगरा। शहर के थाना न्यू आगरा क्षेत्र अंतर्गत लॉयर्स कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में बीती रात चोरों ने बेखौफ होकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर शिवलिंग पर लगा चांदी का मुखौटा, दानपेटी और अन्य कीमती सामान समेट ले गए। सुबह मंदिर खुलने पर घटना का खुलासा हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
बुधवार सुबह कपाट खुलते ही पुजारी और श्रद्धालु अंदर का नजारा देख स्तब्ध रह गए। शिवलिंग से चांदी का मुखौटा गायब था और दानपेटी भी अपनी जगह पर नहीं मिली। सूचना मिलते ही कॉलोनी के लोग मंदिर परिसर में जुट गए। जानकारी पर एसीपी हरीपर्वत अक्षय महाडिक के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास तलाशी ली तो दानपेटी मंदिर के पीछे स्थित पार्क में पड़ी मिली, जिसमें से पूरी नकदी गायब थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोरों ने मंदिर के पिछले हिस्से से प्रवेश किया। वहां लगी लोहे की जाली जर्जर अवस्था में थी, जिसे काटकर चोर भीतर घुसे और फिर पिछले दरवाजे से आराम से चोरी को अंजाम दिया।
मंदिर के पुजारी पंडित नवल शास्त्री के अनुसार, प्रतिदिन शाम की आरती के बाद मंदिर बंद कर दिया जाता है। वे स्वयं दयालबाग में रहते हैं, जबकि सह-पुजारी कौशल मंदिर परिसर में ही निवास करते हैं। इसके बावजूद चोरों की गतिविधि की किसी को भनक नहीं लगी। चोरों ने मंदिर की रसोई भी खंगाली, एक अलमारी तोड़ी और जो भी कीमती सामान हाथ लगा, ले गए।
न्यू आगरा थाना पुलिस मंदिर और आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। सूचना पर भाजपा विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह भी मंदिर में पहुंच गए। घटना को लेकर कॉलोनीवासियों में भारी रोष है और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
- हापुड़ में विज्ञापन को लेकर हुए विवाद में पत्रकार की पीट-पीटकर हत्या, आटा मिल के पास हुई वारदात से सनसनी - October 19, 2026
- लखीमपुर खीरी में सनसनीखेज घटना: खेत में अलग-अलग पेड़ों से लटके मिले विवाहिता और युवक के शव, मौके पर जुटी भारी भीड़ - October 19, 2026
- लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत का मामला: पहली बार मीडिया के सामने आई श्रद्धा दुबे, हत्या के आरोपों को नकारा और बताया आत्महत्या - October 19, 2026