बल्केश्वर के श्री सर्वतोभद्र जिनालय में मुनिश्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश, 27 नवंबर को होगा नवग्रह विधान

RELIGION/ CULTURE

आगरा: न्यू आदर्श नगर, बल्केश्वर स्थित श्री सर्वतोभद्र जिनालय में गुरुवार को मुनिश्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। मुनिसंघ का विहार सुबह श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, डी-ब्लॉक, कमला नगर से शुरू हुआ। रास्ते में श्रद्धालुओं ने जयकारों के बीच भक्तिपूर्ण वातावरण में मुनिश्री की अगवानी की। सुबह करीब 7:30 बजे मुनि संघ के श्री सर्वतोभद्र जिनालय पहुंचने पर जैन समाज के भक्तों ने भव्य मंगल अगवानी करते हुए उनका पाद प्रक्षालन किया और मंगल स्वागत किया। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय जयकारों से गूंज उठा।

​इसके पश्चात पुण्यार्जक पंकज जैन, सुरेश पांड्या, मनोज छांट, राजेंद्र वकील और राजेंद्र कपड़ा ने श्रीजी की शांतिधारा की। इसके बाद आयोजित प्रवचन सभा की शुरुआत वीरेंद्र जैन शास्त्री ने मंगलाचरण के साथ की। वहीं, आहारचर्या का सौभाग्य राजीव जैन, रजत जैन और मुकेश जैन कैंटीन को मिला।

​मंगल प्रवचन में नशे और बाहर के खानपान से बचने का दिया संदेश

​मंगल प्रवचन सभा में मुनिश्री ने श्रद्धालुओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा किसी व्यक्ति के जीवन के साथ-साथ उसके परिवार को भी गहराई से प्रभावित करता है, इसलिए हर व्यक्ति को इससे बचना चाहिए। मुनिश्री ने होटल के भोजन और बाहर के खानपान से परहेज करने की सलाह देते हुए घर के शुद्ध एवं सात्विक भोजन को अपनाने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने खानपान और दैनिक दिनचर्या में संयम बरतते हुए धर्ममय जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर भक्तों ने मुनिश्री के प्रवचन सुनकर धर्मलाभ अर्जित किया और उनका मंगल आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में जैन समाज के कई गणमान्यजन, ट्रस्ट पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

​27 नवंबर को होगा नवग्रह विधान का आयोजन

​मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने जानकारी दी कि 27 नवंबर को श्री सर्वतोभद्र जिनालय में मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में नवग्रह विधान आयोजित किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करेंगे।

​रिपोर्ट: शुभम जैन

Dr. Bhanu Pratap Singh