आगरा। आगरा जिले के थाना फतेहाबाद क्षेत्र अंतर्गत गांव पारोली सिकरवार में बुधवार सुबह बेटे के जन्म की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब लाइसेंसी हथियार से चली गोली युवक की जान ले गई। पड़ोसी के यहां नवजात शिशु के जन्म पर मिष्ठान बांटने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान बंदूक में कारतूस भरते समय अचानक फायर हो गया और गोली सामने खड़े युवक के सीने में जा लगी।
मृतक की पहचान अजय उर्फ कठेरिया (32) पुत्र लायक सिंह के रूप में हुई है। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण अजय को तत्काल इलाज के लिए आगरा के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विवेक के सोमवार को पुत्र जन्म हुआ था। उसी खुशी में बुधवार सुबह उनके घर कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें करीब 30 से 35 ग्रामीण मौजूद थे। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला सुभाष शर्मा लाइसेंसी 12 बोर बंदूक लेकर वहां पहुंचा और उसमें कारतूस डाल रहा था। तभी अचानक गोली चल गई, जो अजय के सीने में जा लगी।
बताया गया कि अजय फतेहाबाद क्षेत्र में काम करता था और कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने काम पर जाने वाला था। उसकी पत्नी शिखा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने इसे महज हादसा मानने से इनकार करते हुए चार साल पुरानी रंजिश का आरोप लगाया है और इसे सुनियोजित हत्या बताया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। अभिषेक अग्रवाल, डीसीपी ईस्ट (Deputy Commissioner of Police – East), आगरा, ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने लाइसेंसी हथियार को कब्जे में ले लिया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है। परिजनों द्वारा रंजिश की बात कही गई है। जांच की जा रही है कि यह हर्ष फायरिंग का मामला है या फिर जानबूझकर की गई हत्या। हथियार किसके नाम पर लाइसेंसशुदा है और घटना के वक्त हथियार कौन चला रहा था—इन सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने गांव के कई लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
रिपोर्टर- नीरज परिहार
- आगरा में ‘बड़ा आदमी बनकर लौटेंगे’ पत्र लिखकर घर से भागे थे तीन बच्चे; पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सकुशल किया बरामद - October 19, 2026
- Agra News: कारोबार में निवेश का झांसा देकर हड़पे लाखों रुपये, रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने पीड़िता के साथ की अभद्रता और दी धमकी, शिकायत दर्ज - October 19, 2026
- 2027 के रण में उतरी बसपा; आगरा की एत्मादपुर सीट पर 22 नवंबर को होगी आकाश आनंद की बड़ी जनसभा, युवाओं पर खास फोकस - October 19, 2026