आगरा। जगदीशपुरा थाना क्षेत्र से एक घरेलू विवाद का गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर अवैध संबंध, दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धमकाने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला का कहना है कि उसकी शादी 20 अप्रैल 2025 को अवधपुरी, महारानी बाग, निहाल बाग कॉलोनी निवासी युवक से हुई थी। शादी के शुरुआती कुछ दिन सामान्य रहे, लेकिन करीब दस दिन बाद ही पति का व्यवहार अचानक बदल गया। छोटी-छोटी बातों पर मारपीट शुरू हो गई और कुछ ही समय में पति ने उसके साथ रहना भी बंद कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि पति रात के समय उसके कमरे में आने के बजाय अपनी ही भाभी के कमरे में समय बिताता था। शुरुआत में उसे शक हुआ, लेकिन बाद में जब उसने सच्चाई देखी तो उसका भरोसा पूरी तरह टूट गया। इस पर सवाल उठाने पर पति ने उसके साथ मारपीट की और धमकियां देने लगा।
महिला ने बताया कि एक बार उसने पति को भाभी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया और इसका वीडियो बना लिया। इसकी भनक लगते ही पति ने गुस्से में उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया। पीड़िता का कहना है कि पति पेशे से वकील है और इसी का डर दिखाकर वह उसे चुप रहने के लिए मजबूर करता रहा।
तहरीर में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि विरोध करने पर पति और ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग शुरू कर दी। उस पर 25 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया गया, ताकि थार गाड़ी खरीदी जा सके। महिला का यह भी कहना है कि जेठ शराब के नशे में गाली-गलौज करता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।
पीड़िता के अनुसार, परिवार और रिश्तेदारों के बीच कई बार पंचायतें भी हुईं, लेकिन हर बार उसे ही समझौता करने के लिए कहा गया। हालात नहीं सुधरे और आखिरकार 20 जनवरी को उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। इसके बाद उस पर झूठे आरोप लगाकर बदनाम करने की कोशिश भी की गई।
पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- संयुक्त राष्ट्र की बजट प्रक्रिया और वित्तीय स्थिति पर उच्चस्तरीय चर्चा: राजदूत हरीश पार्वथनेनी के साथ बैठक में शामिल हुए सांसद नवीन जैन - October 21, 2026
- आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात: किचन में खाना बना रही बहन पर बड़े भाई ने चलाई गोली, आईसीयू में भर्ती - October 21, 2026
- राहुल गांधी के अचानक विदेश दौरे पर सियासी घमासान: सवाल पूछने पर बोले शशि थरूर — “मैं कोई ट्रैवल एजेंट नहीं हूँ” - October 21, 2026