आगरा। शहर में बढ़ते चोरों के हौसले एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। रश्मि विहार, कहरई मोड़ स्थित एक पैथोलॉजी केमिकल और मशीन ऑफिस में देर रात बदमाशों ने धावा बोल दिया। शातिर चोरों ने न केवल ऑफिस का ताला तोड़ा, बल्कि करीब 5.5 लाख रुपये नकद, ज्वेलरी और दो महंगे कंप्यूटरों पर भी हाथ साफ कर दिया। यह पूरी वारदात ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है।
कैसे अंजाम दी गई वारदात?
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि देर रात दो युवक ऑफिस के बाहर आते हैं। पहले उन्होंने आसपास की रेकी की और फिर बड़ी चतुराई से मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने सीधे अलमारी और लॉकर को अपना निशाना बनाया। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बदमाशों ने औजारों की मदद से लॉकर तोड़ा और कीमती सामान बटोरकर कुछ ही मिनटों में फरार हो गए।
सुबह खुला राज, मचा हड़कंप
चोरी का पता तब चला जब सुबह कर्मचारी ऑफिस पहुंचे। गेट का ताला टूटा हुआ देखकर और अंदर सामान बिखरा पाकर उनके होश उड़ गए। अलमारी का लॉक टूटा था और अंदर रखा भारी भरकम कैश गायब था। ऑफिस मालिक ने बताया कि उनका पैथोलॉजी केमिकल और मशीनों का कारोबार है, जिसके लेनदेन की रकम उन्होंने ऑफिस में सुरक्षित रखी थी, लेकिन चोरों ने इसे पलक झपकते ही साफ कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। एकता चौकी क्षेत्र की पुलिस ने आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का दावा है कि फुटेज में संदिग्धों के चेहरे स्पष्ट दिख रहे हैं, जिससे उनकी पहचान करना आसान हो गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।
बढ़ते अपराध से दहशत में व्यापारी
आगरा में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में भारी दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की गश्त (Patrolling) को और अधिक सख्त करने की मांग की है।
- हिंदी दिवस पर आगरा के केएमआई में काव्यपाठ प्रतियोगिता: पीजीडीएमसी के योगेश शर्मा रहे प्रथम, शिवानी और रोहित ने मारी बाजी - September 14, 2026
- महाभिषेक के साथ आगरा में शुरू हुआ 12 दिवसीय पंचम गणेश महोत्सव, छलेसर रोड स्थित महागणपति मंदिर में उमड़े श्रद्धालु - September 14, 2026
- सोशल मीडिया के जाल से दूर रहें किशोरियां… डॉ. सीमा प्रताप बोलीं— ‘हॉस्टल का अनुशासन भविष्य की चुनौतियों के लिए करता है तैयार’ - September 14, 2026