कर्नाटक से मुंबई के लिए ट्रेन में बैठी थी
आगरा कैंट पर गाड़ी में बैठी रो रही थी
आरपीएफ ने राजकुमार जैन से किया संपर्क
Live Story Time
Agra, Uttar Pradesh, India. घर वालों की प्रताड़ना का शिकार हुई एक महिला को रामलाल आश्रम, सिकंदरा में आश्रय मिला है। वह कर्नाटक से मुंबई के लिए ट्रेन में बैठी थी लेकिन आगरा आ गई। रेलवे सुरक्षा बल (आर.पी.एफ.) की नजर पड़ी तो गलत हाथों में जाने से बच गई। रामलाल आश्रम के मुख्य संरक्षक राजकुमार जैन ने बताया कि महिला का इलाज करके घर वालों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
28 मार्च, 2023 को प्रातः नौ बजे रेलवे सुरक्षा बल सीटी अशोक कुमार ने देखा कि आगरा छावनी रेलवे स्टेशन के प्लेट नम्बर-5 के बगल में यार्ड में खाली खड़ी पैसेंजर ट्रेन में एक महिला रो रही है। यह सूचना उपनिरीक्षक गुलशन को दी गई। इस पर गुलशन हमराह महिला सिपाही रेखा कुशवाह के साथ मौके पर पहुंचे। उसे थाने पर लया गया। प्रेमपूर्वक पूछने पर उसने अपना नाम वीणा बताया। कहा कि पांच साल पूर्व विवाह हुआ था। चार वर्ष का बेटा है। पति ने कई वर्ष पहले घर से निकाल दिया। मां, बाप, भाई नहीं है। इस कारण वह अपनी बहन नागू के घर कुछ महीनों से रह रही थी। बहन ने भी घर से भगा दिया। इस कारण स्टेशन पर भटक रही है। अभय दुबे के प्रयास भी सराहनीय रहे।
वीणा के पास एक टिकट मिला, जिससे पता चला कि वह 25 मार्च, 2023 को कर्नाटक के यादगिर स्टेशन से मुंबई के दादर स्टेशन के लिए गाडी में बैठी थी। दिमागी स्थिति सही न होने के कारण आगरा छावनी स्टेशन तक आ गयी। महिला के पास एक छोटे पर्स में रेलगाड़ी की टिकट, बस टिकट, स्वयं के पासपोर्ट साइज फोटो व 50 रुपये नकद मिले। पूछताछ करने पर बताया कि वह अक्सर मुंबई के पास दादर नारायणपेट में अपनी बहन के घर आती जाती रहती थी परंतु अब इसे कोई घर नहीं जाने देता।
महिला का मूल पता न मिलने से परेशान रेलवे सुरक्षा बल के अभय दुबे ने रामलाल आश्रम के मुख्य संरक्षक राजकुमार जैन से संपर्क किया। आग्रह किया कि महिला को आश्रम में आश्रय दें। श्री जैन ने तत्काल आश्रम के अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा को निर्देश दिया कि आगरा कैंट स्थित रेलवे सुरक्षा बल के कार्यालय जाकर महिला को लेकर आएं। कागजी खानापूर्ति करके वीणा को रामलाल आश्रम लाया गया। श्री जैन ने बताया कि महिला का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा ताकि उचित इलाज हो सके।
आश्रम के संयोजक सुनील कुमार जैन ने बताया कि महिला के बोलचाल के तरीके से स्पष्ट है कि उसकी मानसिक स्थिति अच्छी नहीं है। प्रयास है कि महिला अपने घर शीघ्र पहुंच जाए। तब तक रामलाल आश्रम में रहेगी और कोई समस्या नहीं होने दी जाएगी। अध्यक्ष श्री शर्मा ने बताया कि एक-दो दिन में मानिसक क्लेश कम होने पर महिला से उसके घर वालों के बारे में जानकारी करेंगे। इस बारे में एडवोकेट अनुपम भारद्वाज से विधिक सलाह ली गई है।
- Lok Sabha Election 2024 फतेहपुर सीकरी पर भाजपा प्रत्याशी का फैसला 18 अप्रैल को, आ रहे हैं बृजेश पाठक, पढ़िए क्या होने जा रहा - April 17, 2024
- पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) को किया बैन, सुरक्षा मामलों का दिया हवाला - April 17, 2024
- पाकिस्तानी एक्ट्रेस बुशरा अंसारी ने 67 की उम्र में किया दूसरा निकाह, खुद ही किया खुलासा - April 17, 2024