सुलतानपुर। जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के बिरसिंहपुर संयुक्त अस्पताल की जर्जर हालत और स्वास्थ्य सेवाओं की बदइंतजमी को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) का धरना प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। पार्टी प्रवक्ता वंशराज दुबे के नेतृत्व में कार्यकर्ता अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं की कमी और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।
धरने के दूसरे दिन माहौल तब गरम हो गया जब अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. भास्कर मौके पर पहुंचे। आप कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे सीएमओ और सीएमएस की “अर्थी बाजार में निकालेंगे”। इस पर डॉ. भास्कर ने नाराजगी जताते हुए कहा—“मेरे बस में कुछ नहीं है, अगर अर्थी निकालनी है तो सरकार की निकालो, सीएम योगी की निकालो।”
डॉ. भास्कर का यह बयान कैमरे में कैद हो गया और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। मामले ने तूल पकड़ते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. भारत भूषण ने सीएमएस से इस बयान पर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने बताया कि डॉ. भास्कर से खेद प्रकट करने और माफी मांगने के लिए कहा गया है।
धरने के दौरान पुलिस और आप कार्यकर्ताओं के बीच बहस भी हुई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन जनता की आवाज को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रवक्ता वंशराज दुबे ने कहा कि “100 शय्या वाले इस अस्पताल में डॉक्टर, दवाइयां और उपकरणों की भारी कमी है। जनता के स्वास्थ्य से जुड़ा यह मुद्दा सरकार की नाकामी उजागर करता है, लेकिन आवाज उठाने वालों पर दबाव बनाया जा रहा है।”
फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है, वहीं AAP का प्रदर्शन जारी है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि जब तक अस्पताल की सुविधाओं में सुधार नहीं होता, आंदोलन बंद नहीं किया जाएगा।
साभार – मीडिया रिपोर्ट्स
- Agra News: कमला नगर के युवक की संदिग्ध मौत, कार विवाद में मर्डर का आरोप, बीमार पिता का इकलौता सहारा छिना - March 27, 2026
- फतेहपुर सीकरी में ‘रंग-ए-सूफियाना’: शेख सलीम चिश्ती की दरगाह में गूंजी अमन की शायरी, सांसद राजकुमार चाहर ने दिया भाईचारे का संदेश - March 27, 2026
- Agra News: जिस थाने में दर्ज होते हैं अपराध, उसी के भीतर नियमों को कुचलकर काट डाला गया हरा पेड़ - March 27, 2026