आगरा। कमला नगर थाना पुलिस ने एक युवक को उसके पिता की हत्या और शव गायब करने के शक में हिरासत में लिया है। हालांकि अब तक शव बरामद नहीं हुआ है और न ही पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ लगा है। पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी मनीष पिछले कई वर्षों से अपने पिता भरत सिंह से अलग अपनी मां रानी के साथ लाल मस्जिद, वाटर वर्क्स क्षेत्र में रह रहा है। बताया गया है कि मनीष के माता-पिता के बीच करीब 22 साल से विवाद चल रहा है। भरत सिंह समय-समय पर घर के बाहर आकर गाली-गलौज करता था। बताया गया कि शुक्रवार को भी वह घर के बाहर आया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि मनीष ने ही अपने पिता की हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगा दिया। इस शिकायत के बाद पुलिस ने मनीष को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, लेकिन हत्या से जुड़ा कोई सबूत या शव बरामद नहीं हुआ।
मनीष की मां रानी ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके बेटे को झूठे मामले में फंसा रही है। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह छह बजे पुलिस उनके घर पहुंची और मनीष को उठाकर ले गई। उनका कहना है कि वह और भरत सिंह पिछले 22 साल से अलग रह रहे हैं और बेटे का इस घटना से कोई संबंध नहीं है।
इस मामले में कमला नगर थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा ने बताया कि मनीष को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है ताकि सच सामने आ सके।
- आगरा: पद्मावती पुरवाल समाज के परिचय सम्मेलन में दिखा अद्भुत उत्साह, देशभर से जुटे सैकड़ों विवाह योग्य युवक-युवती - June 21, 2026
- आगरा में भक्ति का अनूठा संगम: दिगम्बर जैन परिषद के महोत्सव में गूंजा ‘गणधर वलय विधान’, धर्ममयी हुआ वातावरण - June 21, 2026
- योगमय हुआ ताजमहल का शहर आगरा: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एकलव्य स्टेडियम में हजारों ने किया योगाभ्यास - June 21, 2026