आगरा। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएन मेडिकल कॉलेज), आगरा में एमबीबीएस की लगभग 350 छात्राओं के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मेडिकल शिक्षा के दौरान बढ़ते शैक्षणिक दबाव, तनाव और मानसिक चुनौतियों को समझाना तथा छात्राओं को मानसिक रूप से सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रुचिका गर्ग, प्रोफेसर, गायनिक विभाग तथा डॉ. कश्यपी गर्ग, असिस्टेंट प्रोफेसर, साइकियाट्री विभाग द्वारा किया गया। दोनों विशेषज्ञों ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए छात्राओं को बताया कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य की तरह ही महत्वपूर्ण है और इसकी अनदेखी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती है।
सत्र के दौरान मेडिकल छात्रों पर पड़ने वाले एग्जाम स्ट्रेस, लंबी पढ़ाई के घंटे, प्रतिस्पर्धा और भावनात्मक दबाव जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने समय प्रबंधन, पर्याप्त नींद, सकारात्मक सोच, नियमित शारीरिक गतिविधि और अपनी भावनाओं को साझा करने को मानसिक संतुलन बनाए रखने के प्रभावी उपाय बताया।
छात्राओं को यह भी संदेश दिया गया कि यदि कभी मानसिक तनाव, घबराहट, उदासी या अवसाद जैसी स्थिति महसूस हो, तो विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श लेने में संकोच नहीं करना चाहिए। मानसिक बीमारी को सामान्य बीमारियों की तरह स्वीकार कर समय पर इलाज कराना आवश्यक है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि मजबूत मानसिक स्वास्थ्य ही जीवन की चुनौतियों से आत्मविश्वास के साथ निपटने की क्षमता देता है। एक सफल चिकित्सक बनने के लिए स्वस्थ मन का होना अत्यंत आवश्यक है।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार यह कार्यक्रम छात्रों के लिए सकारात्मक और स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि मेडिकल छात्र शैक्षणिक के साथ-साथ मानसिक रूप से भी सशक्त बन सकें।
- Agra News: फेसबुक पर विज्ञापन क्लिक करना पड़ा भारी; साइबर ठगों ने एफडी तुड़वाकर बुजुर्ग के खाते से निकाले 9.80 लाख रुपये - October 19, 2026
- यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की सुगबुगाहट तेज: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने किया ऐलान, ‘संविधान दिवस’ को जारी होगा ‘जन-मन का मैनीफेस्टो’ - October 19, 2026
- यूपी के 9.5 साल बेमिसाल: सीएम योगी ने गिनाईं उपलब्धियां, बोले— GSDP, पर-कैपिटा इनकम और बजट हुआ तीन गुना - October 19, 2026