Agra News: दयालबाग चौकी इंचार्ज जोगेश्वर सिंह लाइन हाजिर, लापरवाही पर डीसीपी सिटी का सख्त एक्शन

स्थानीय समाचार

आगरा। विवेचनाओं में लापरवाही और लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने सख्त कार्रवाई की है। दयालबाग चौकी इंचार्ज जोगेश्वर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के अनुसार, दयालबाग चौकी से जुड़े कई मामलों में विवेचनाओं की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई। शिकायतकर्ताओं की ओर से अनावश्यक देरी, आवश्यक कानूनी कार्रवाई न होने और समस्याओं के समय पर निस्तारण न किए जाने की लगातार शिकायतें उच्चाधिकारियों तक पहुंच रही थीं। इन शिकायतों की प्राथमिक जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने के बाद चौकी इंचार्ज के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।

बताया जाता है कि इससे पहले भी उच्चाधिकारियों द्वारा मौखिक और लिखित रूप से कई बार कार्यशैली में सुधार के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया। इसी के चलते डीसीपी सिटी ने जोगेश्वर सिंह को लाइन हाजिर करने का निर्णय लिया।

पुलिस महकमे में इस कार्रवाई को एक कड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है कि विवेचनाओं में लापरवाही और जनता की शिकायतों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे भी इस तरह की शिकायतें सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Dr. Bhanu Pratap Singh