आगरा: उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल के 9 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर बुधवार को आगरा के विकास भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ में आयोजित लाइव कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा। इस दौरान उन्होंने ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ पुस्तक का उल्लेख करते हुए प्रदेश की बदलती तस्वीर का पूरा रिपोर्ट कार्ड पेश किया।
विकास, सुशासन और विश्वास का ‘यूपी मॉडल’
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 9 साल उत्तर प्रदेश के लिए ‘स्वर्ण युग’ की तरह रहे हैं। उन्होंने कहा, “योगी सरकार ने प्रदेश को ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ की पहचान से बाहर निकालकर ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’ के संकल्प को धरातल पर उतारा है। आज उत्तर प्रदेश इंफ्रास्ट्रक्चर और कानून-व्यवस्था के मामले में देश का रोल मॉडल बन चुका है।”
रोजगार और महिला सशक्तिकरण के बड़े आंकड़े
उच्च शिक्षा मंत्री ने सरकार की उपलब्धियों के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि पिछले 9 वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गईं, जिनमें अकेले 2.19 लाख पुलिसकर्मी शामिल हैं। 1.75 लाख से अधिक महिलाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिला। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के जरिए 5 लाख से अधिक बेटियों के हाथ पीले कराए गए।
शिक्षा और स्वास्थ्य में ‘कायाकल्प’
उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत प्रदेश के 1.36 लाख स्कूलों की सूरत बदली गई है, जिससे ड्रॉपआउट दर न्यूनतम स्तर पर आ गई है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में एम्स, कैंसर संस्थान और हर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से आम जनता को घर के पास ही आधुनिक इलाज मिल रहा है।
इंफ्रास्ट्रक्चर: एक्सप्रेस-वे और एयरपोर्ट का जाल
यूपी की नई पहचान को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 16 एयरपोर्ट संचालित हैं और जेवर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा तैयार है। 7 शहरों में मेट्रो, रैपिड रेल और इनलैंड वाटरवे जैसी परियोजनाएं उत्तर प्रदेश को ‘एक्सप्रेस प्रदेश’ बना रही हैं।
‘जीरो टॉलरेंस’ से बढ़ा निवेशकों का भरोसा
मंत्री उपाध्याय ने कहा कि ‘जीरो टॉलरेंस और जीरो करप्शन’ की नीति के कारण ही आज देश-विदेश के निवेशक यूपी में निवेश के लिए कतार में खड़े हैं। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और भयमुक्त वातावरण ने 25 करोड़ जनता के मन में विश्वास पैदा किया है। उन्होंने अंत में कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था (Economy) को नई दिशा देने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
- Agra News: निधन के बाद भी ‘रोशनी’ बनकर लौटे राकेश अग्रवाल, नेत्रदान कर दे गए जीवन का अनमोल उपहार - June 16, 2026
- आगरा का संजय प्लेस मारपीट कांड: वाल्मीकि समाज ने दी सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी, एससी-एसटी एक्ट लगाने की मांग - June 16, 2026
- आगरा: कलश सज्जा और मेहंदी उत्सव के साथ राधा-माधव कथा का भव्य आगाज, भक्ति के रंग में रंगा कमला नगर - June 16, 2026