अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम जन्मभूमि परिसर के भीतर बने उप मंदिरों में दर्शन के लिए लागू सामान्य दर्शन पास की व्यवस्था को पूरी तरह से समाप्त कर दिया है। 1 सितंबर और उसके बाद की आगामी तिथियों के लिए ऑनलाइन बुकिंग को आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया गया है। अब रामलला के दर्शन के साथ-साथ परिसर के अन्य उप मंदिरों में भी श्रद्धालु बिना किसी पास के सुगमता से दर्शन कर सकेंगे।
यह निर्णय मुख्य रूप से इसलिए लिया गया है क्योंकि मई माह से ही बिना पास के दर्शन करने की सुविधा श्रद्धालुओं के लिए लगातार उपलब्ध कराई जा रही थी। राम जन्मभूमि परिसर में सभी मंदिरों का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसी साल 13 अप्रैल से दर्शन की शुरुआत की गई थी। शुरुआत के चरण में व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए सुगम, विशिष्ट और सामान्य पास के आधार पर दर्शन कराए जा रहे थे।
सामान्य दर्शन पास की शुरुआत 10 अप्रैल को की गई थी, जो केवल ऑनलाइन माध्यम से ही उपलब्ध होते थे।
हालांकि, मई के महीने में जब श्रद्धालुओं की संख्या में कुछ कमी आई, तो बिना पास के ही दर्शन की अनुमति दे दी गई थी। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए 31 अगस्त तक सामान्य पास की बुकिंग जारी रखने का निर्णय लिया था, लेकिन अब इसकी आवश्यकता महसूस नहीं हो रही है।
ट्रस्ट की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि ‘सुगम दर्शन’ और ‘आरती पास’ की बुकिंग की व्यवस्था फिलहाल पहले की तरह ही जारी रहेगी। इस संबंध में जब ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।
- आगरा के गुरुद्वारा गुरु का ताल में निहंग सिखों के शौर्य और युद्धकला का अद्भुत प्रदर्शन, घुड़सवारी और गतका के करतब देख दंग रह गई संगत - November 1, 2026
- डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के ‘यूनिफेस्ट-2026-27’ में आगरा कॉलेज का दबदबा: 69 अंक पाकर बना ओवरऑल चैंपियन, ‘जितेंद्र रघुवंशी चल वैजयंती ट्रॉफी’ की अपने नाम - November 1, 2026
- देश-विदेश के शोधार्थियों का आगरा में मंथन: ICMRP-2026 के समापन पर केबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय बोले— ‘नवाचार से मिलेगा विकास को नया आयाम’ - November 1, 2026