लखनऊ: योगी सरकार अपने एक आदेश को लेकर सुर्खियों में है आदेश में बताया गया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अच्छे फॉलोवर्स और व्यूज वाले लोग लाखों रुपये घर बैठे कमा सकते हैं। इसको लेकर विपक्ष ने योगी सरकार पर पलटवार किया है। इसी कड़ी में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने योगी सरकार पर तीखा निशाना साधा है।प्रियंका ने एक्स पर तंज भरे लहजे में लिखा कि तुम दिन को कहो रात तो रात,वरना हवालात। प्रियंका ने डिजिटल मीडिया पॉलिसी और शिक्षक भर्ती जैसे मुद्दे पर योगी सरकार की खिंचाई की है।
प्रियंका गांधी ने गुरुवार को एक्स पर लिखा कि जो तुमको हो पसंद, वही बात कहेंगे, तुम दिन को अगर रात कहो,रात कहेंगे, उप्र सरकार की सोशल मीडिया पॉलिसी में न्याय मांग रही महिलाओं की आवाजें किस श्रेणी में आएंगी, 69,000 शिक्षक भर्ती आरक्षण घोटाले में उठने वाले सवाल किस श्रेणी में आएंगे।
इतना ही नहीं भाजपा में अंदरूनी मतभेद की सुगबुगाहट पर भी प्रियंका गांधी ने तंज कसा है। प्रियंका ने लिखा कि भाजपा नेताओं-विधायकों द्वारा भाजपा सरकार की पोल-पट्टी खोलना किस श्रेणी में आएगा, ये सच को दबाने का एक और तरीका है, क्या भाजपा लोकतंत्र और संविधान को कुचलने से ज्यादा कुछ सोच ही नहीं सकती।
बता दें कि योगी सरकार नई डिजिटल मीडिया नीति लेकर आई है। इसमें किसी भी आपत्तिजनक सामग्री को ऑनलाइन डालने पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान भी किया गया है। आपत्तिजनक सामग्री अपलोड किए जाने की स्थिति में संबंधित सोशल मीडिया ऑपरेटरों, प्रभावशाली व्यक्तियों, फर्म या एजेंसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
योगी सरकार की इस नई पॉलिसी के तहत सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित कंटेट वीडियो, ट्वीट, पोस्ट, रील प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। अगर इन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अच्छे फॉलोवर्स और व्यूज आते हैं तो इसके जरिए 2 से 8 लाख रुपये घर बैठे कमाया जा सकता है।
नई डिजिटल मीडिया नीति के तहत एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब को सब्सक्राइबर और फॉलोअर्स के आधार पर 4 श्रेणियों में बांटा गया है, जिसमें एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम धारक 5 लाख रुपए, 4 लाख रुपये, 3 लाख रुपए और 2 लाख रुपए प्रति महीने कमा सकेंगे, जबकि यूट्यूब पर वीडियो, शॉर्ट्स, पॉडकास्ट भुगतान के लिए 8 लाख रुपए, 7 लाख रुपए, 6 लाख रुपए और 4 लाख रुपए रखा गया है।
साभार सहित
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026