Agra, Uttar Pradesh, India. फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के किरावली में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत माता की जयकारे के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। बोले- आज सीकरी की धरती पर भाजपा के प्रत्याशी चौधरी बाबूलाल के लिए अपील करने आया हूँ। उन्होंने सपा, बसपा और रालोद को निशाने पर लिया। मिनी छपरौली में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माल्यार्पण नहीं किया। इसको लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
सभा में मौजूद लोगों की भीड़ से बोले- आपने सपा, बसपा की कार्यप्रणाली को देखा। भाजपा की कार्यपद्धति को देखा। कोरोना प्रबंधन पर बेहतर कार्य हुए। लोगों को उपचार के साथ खाद्यान्न भी दिया। डबल इंजन की सरकार ने कोरोना काल में राशन की डबल डोज दी। संकट काल में भाजपा के लोग सेवा कर रहे थे। सपा, बसपा अवसरवादी। ये संकट के समय कहीं नहीं दिखे। ये गोकुल जाट की धरती है, जिसने औरंगजेब के छक्के छुड़ा दिए थे। सपा सरकार आगरा के म्यूज़ियम का नाम भी मुगल के नाम पर रखना चाहती थी। हमने छत्रपति शिवाजी के नाम पर रखा।
मुख्यमंत्री बोले कि आगरा का विकास हो रहा है। आगरा को मेट्रो, हवाई सेवा, गंगाजल भी मिला है। सपा सरकार में सिर्फ दंगे हुए। सूबे में रोज दंगे होते थे। मुजफ्फरनगर के दंगे से सपा की टोपी लाल है। रामभक्तों पर भी गोली चलवाने से इनके हाथ रंगे हैं। युवाओं को रोजगार दिया। पिछली सरकार में नौकरी के नाम पर लूट होती थी। ट्रांसफर के नाम पर वसूली होती थी। भाजपा की सरकार बनेगी और 10 मार्च के बाद माफिया पर फिर बुल़डोजर चलेगा।
उन्होंने कहा- आपने चौधरी उदयभान सिंह जैसे योग्य व्यक्ति को चुना, हमने मंत्री बनाया। इस पर चौधरी उदयभान सिंह के खिलाफ लोगों ने हाथ हिलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से पूछा कि चौधरी बाबूलाल एक युवा हैं, आप इनके नाम से सहमत हैं? कमल को वोट देंगे? लोगों का सहमति में जवाब सुनकर उन्होंने भारत माता की जय के साथ उदबोधन को समाप्त किया।
इसके बाद चौधरी रघुनाथ सिंह महाविद्यालय में पीएम मोदी के वर्चुअल संवाद में हुए शामिल हुए। करीब 2: 30 बजे वापस रामवीर क्रीड़ा मैदान पहुंचे। तत्पश्चात 2:42 बजे विशेष चौपर से उड़ान भर वापस लौटे। जनसभा के दौरान सांसद राजकुमार चाहर, प्रत्याशी चौधरी बाबूलाल, पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह, भाजपा नेता जितेंद्र फौजदार, भूपेंद्र इंदौलिया, अशोक राणा प्रशांत पूनिया, बलवीर कहरवार, संजय सिंह, जिला अध्यक्ष गिरिराज कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में भाजपाई मौजूद रहे।
- आगरा के खंदारी क्षेत्र में सड़क पर युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल - September 19, 2026
- आगरा में गणपति विसर्जन की अनूठी पहल: यमुना में सीधे विसर्जन पर रोक, प्रमुख घाटों पर बनाए गए गंगाजल से भरे कृत्रिम विसर्जन कुंड - September 18, 2026
- आगरा में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाला राधे मीना गिरफ्तार, फर्जी मुहरें और नियुक्ति पत्र बरामद - September 18, 2026