जापान के लिए आज अहम दिन, चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग का प्रयास करेगा ‘मून स्नाइपर’

INTERNATIONAL

जापान की स्पेस एजेंसी के लिए शुक्रवार का दिन बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है। जापान का ‘मून स्नाइपर’ अंतरिक्ष यान स्लिम मिशन के तहत चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग का प्रयास करेगा। अगर जापान इसमें कामयाब रहा तो चांद पर जाने वाला वह पांचवा देश बन जाएगा। जापान इस लैंडिंग के जरिए अपनी अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी दिखाएगा। अभी तक चांद पर अमेरिका, रूस, चीन और भारत गए हैं। भारत का चंद्रयान-3 मिशन का विक्रम लैंडर साल 2023 में सफलतापूर्वक लैंड हुआ था। 7 सितंबर को जापान ने अपना मिशन लॉन्च किया था। 4 महीने से ज्यादा की यात्रा के बाद यह लैंडर चांद पर पहुंच रहा है।

जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी (JAXA) का स्मार्ट लैंडर फॉर इन्वेस्टिगेटिंग मून (SLIM) स्थानीय समय के मुताबिक शनिवार 12:20 AM (शुक्रवार 9:20 PM भारतीय समय) पर चांद पर उतरने का प्रयास करेगा। 21वीं सदी में जापान ऐसा करने वाला तीसरा देश बन जाएगा। इस अंतरिक्ष यान की खासियत सटीकता से लैंडिंग साइट पर उतरना है। इसी कारण इसका नाम मून स्नाइपर भी रखा गया है।

ऐसे देख सकेंगे लैंडिंग

इस ऐतिहासिक उपलब्धि को दुनिया को दिखाने के लिए जापान ने एक लाइव स्ट्रीम शुरू किया है। शुक्रवार को शाम 7:30 बजे आप इसे देख सकते हैं। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक स्लिम मिशन के उपपरियोजना प्रबंधक केनजी कुशिकी ने कहा, ‘चंद्रमा की सतह पर उतरने की गति धीमी होने की शुरुआत 20 मिनट तक दहशत भरी होने की उम्मीद है।’ इस स्पेस क्राफ्ट को चांद तक पहुंचाने में कम लागत आई है और इसका वजन हल्का है। पिन पॉइंट लैंडिंग के कारण इसकी टेक्नोलॉजी आगे के चंद्रमा मिशन में काम आएगा। इस टेक्नोलॉजी से चांद के गड्ढे वाली सतह पर अंतरिक्ष यान को सुरक्षित तरीके से उतारा जा सकेगा।

भविष्य में काम आएगी टेक्नोलॉजी

स्पेस एजेंसी के मुताबिक पिन पॉइंट लैंडिग टेक्नोलॉजी चंद्रमा के अलावा दूसरे ग्रहों पर भी उतरने की इजाजत देगा। JAXA के मुताबिक आजक खगोलीय पिंडों से जुड़े ज्ञान में वृद्धि हुई है और जब भविष्य में इंसान इनसे जुड़े मिशन चलाएगा तो और भी ज्यादा सटीकता वाली लैंडिंग की जरूरत पड़ेगी। स्लिम लैंडर एक ऐसी लैंडिंग साइट को टार्गेट करेगा जो 100 मीटर में फैली हुई है। जापान ऐसे समय पर अपना चंद्रमा लैंडर उतारने वाला है, जब अमेरिका का पेरेग्रीन लैंडर लॉन्च के बाद फेल हो गया है।

-एजेंसी

Dr. Bhanu Pratap Singh