dadaji maharah birthday satsang

राधास्वामी मत के गुरु दादाजी महाराज के 93वें जन्मोत्सव पर विशेष सतसंग में हजारों सत्संगी, देखें वीडियो और तस्वीरें

RELIGION/ CULTURE

राधास्वामी मत के आदि केन्द्र हजूरी भवन पीपल मंडी आगरा में देश-विदेश के संत्संगियों का जमावड़ा, विशेष सतसंग

Dr Bhanu Pratap Singh

Agra, Uttar Pradesh, India. राधास्वामी मत के पंचम संत सतगुरु दादाजी महाराज (प्रोफेसर अगम प्रसाद माथुर, पूर्व कुलपति आगरा विश्वविद्यालय) का 27 जुलाई, 2023 को 93वां जन्मदिन मनाया गया। दादाजी महाराज का जन्म 27 जुलाई, 1930 को हुआ था। वे आगरा विश्वविद्यालय के दो बार कुलपति और आगरा कॉलेज में इतिहास विभाग के अध्यक्ष रहे। दादाजी महाराज इतिहास, समाज, संस्कृति, धर्म, दर्शन, साहित्य के मर्मज्ञ थे। वे कवि और लेखक भी थे। उनकी अनेक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।

दादाजी महाराज का जन्मदिन मनाने के लिए देशभर के हजारों सतसंगी राधास्वामी मत के आदि केन्द्र हजूरी भवन, पीपल मण्डी, आगरा पहुंचे। हजूरी समाध पर हुए विशेष सतसंग में भाग लिया। मत्था टेका। हजूरी भवन में भले ही दादाजी महाराज भौतक रूप से उपस्थित नहीं थे, लेकिन उनकी तस्वीर के समक्ष वही श्रद्धा, भक्ति और आस्था का क्रम जारी रहा। विशेष सत्संग के बाद प्रसाद का वितरण किया गया।

दादाजी महाराज 23 जनवरी, 2023 को चोला छोड़ राधास्वामी में विलीन हो गए थे। इसके बाद पहला जन्मदिन आया। इस कारण भी श्रद्धालुओं के आने का क्रम जारी रहा। गुरु भवन में जहां दादाजी मत्था टिकाते थे, वहां महाराज की तस्वीर लगी रखी हुई थी।

27 जुलाई 1930 को जन्म हुआ

हजूरी भवन राधास्वामी मत का आदि केन्द्र है। यहीं पर हजूर महाराज और उनके बाद के समस्त गुरु रहे। हजूर महाराज के आग्रह पर ही स्वामी जी महाराज ने जन्माष्टमी के दिन 1818 में राधास्वामी मत को जनकल्याण के लिए प्रकट किया था। दादाजी महाराज का जन्म 27 जुलाई, 1930 को हुआ। वे 1959 से राधास्वामी सत्संग की कमान संभाल रहे थे।

कई बार पूरे देश का आध्यात्मिक भ्रमण किया

दादाजी महाराज को देश के सभी प्रतिष्ठित पुरस्कार मिले हैं। दादाजी महाराज ने राधास्वामी सतसंग में सुधार आंदोलन भी चलाया। इसके लिए पूरे देश का कई बार भ्रमण किया। सतसंगियों ने तब अपने गुरु की आध्यात्मिक शक्ति देखी। अनेक चमत्कार भी हुए। सतसंग में मातृशक्ति का सशक्तिकरण किया। हजूरी भवन की कायापलट की। हजूर महाराज की समाध दर्शनीय है। इस पर स्वर्णमंडित चित्रकारी है। दादाजी महाराज पर शोध करने वाले शोधार्थी ने लिखा है कि हजूरी भवन की पच्चीकारी ताजमहल से भी सुंदर है।

5000 पृष्ठों का अभिनंदन ग्रंथ प्रकाशित हुआ

प्रो. अगम प्रसाद माथुर (Agam Prasad mathur) सुविख्यात अध्यात्मवेत्ताओं, परम संतों, एवं सामाजिक-धार्मिक सुधारकों के वंशज हैं। उनके पूर्वजों ने महान राधास्वामी  मत की स्थापना की, जिसके वे वर्तमान में आचार्य एवं अधिष्ठाता हैं और जिनके भारत और विदेशों में करोड़ों सतसंगी और अनुगामी हैं। उनके सतसंगी (अनुयायी) उनके प्रति अगाध प्रेम, सम्मान, अपार श्रद्धा और कृतज्ञता रखते हैं, जिसके प्रतीक रूप में उन्होंने लगभग 5000 पृष्ठों एवं चार खण्डों तथा उपखण्डों में अभिनन्दन ग्रन्थ श्रृंखला प्रकाशित करवाई।

dadaji maharah birthday satsang agra
दादाजी महाराज के जन्मदिन पर आए श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हुए।

चार भाइयों में सबसे बड़े

राधास्वामी मत के चतुर्थ आचार्य कुंवर जी महाराज के पुत्र आनंद प्रसाद के चार पुत्र और चार पुत्रियां हुईं। ज्येष्ठ पुत्र के रूप में प्रोफेसर अगम प्रसाद माथुर (दादाजी महाराज) का जन्म 27 जुलाई, 1930 को रात्रि 8.45 बजे हुआ। उनका जन्म हजूरी भवन के उसी कक्ष में हुआ, जहां उनके बाबा कुवंर जी महाराज और पिता आनंद प्रसाद का जन्म हुआ था। नाम रखा गया अगम। दूसरे पुत्र शब्द प्रसाद माथुर का जन्म 1932 में, तीसरे पुत्र स्वामी प्रसाद माथुर का जन्म 1935 में और चौथे पुत्र सरन प्रसाद का जन्म 1938 में हुआ।

हजूरी भवन को क्रांतिकारियों का शरण स्थल बनाया

15 अगस्त, 1947 को देश आजाद हुआ तो अगम के आग्रह पर हजूरी भवन में तिरंगा फहराया गया और मिष्ठान्न वितरण हुआ। बालक के रूप में प्रो. माथुर ने हुजूरी भवन को क्रांतिकारियों के छिपने का स्थल बना दिया था। 1952 से 1982 तक आगरा कॉलेज में सेवाएं दीं। आगरा विश्वविद्यालय के लगातार दो बार कुलपति रहे- 1982 से 1985 तक तथा 1988 ई. से 1991 तक। इससे पहले 1976 से 1979 तक बीपी जौहरी कुलपति रहे, लेकिन इस दौरान अप्रत्यक्ष रूप से प्रो. अगम प्रसाद माथुर ही कुलपति थे। इस बात को स्वयं बीपी जौहरी ने स्वीकारा है। 1959 से प्रोफेसर अगम प्रसाद माथुर राधास्वामी सत्संग की कमान संभाल रहे थे।

1980 में कराया ‘यादगार-ए-सुलह-ए-कुल’

प्रो. माथुर ने अपना शैक्षिक जीवन आगरा कालेज (आगरा विश्वविद्यालय) में इतिहास प्रवक्ता के रूप में सन् 1952 ई. में प्रारम्भ किया और वे सन् 1964 ई. में प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष हो गये। अपने शिक्षण कार्य में गुरुतर विशिष्टता और आकर्षण समेटे प्रो. माथुर शिक्षकों, छात्रों और शिक्षा जगत के सुधी विद्वानों के मध्य प्रतिष्ठापित हो गये। इसी मध्य वर्ष सन् 1980 ई. में उन्होंने साम्प्रदायिक सद्भाव के लिये अनूठा योगदान देते हुए आगरा किला और फतेहपुर सीकरी स्मारकों में ‘यादगार-ए-सुलह-ए-कुल’ नामक कार्यक्रम का आयोजन कराया और पूरे देश का ध्यान अपनी ओर आकृष्ट किया। उनकी इन्हीं शैक्षिक एवं प्रशासनिक विशिष्टताओं के कारण उ.प्र. सरकार ने उन्हें शैक्षिक जीवन के शीर्ष स्थान पर आगरा विश्वविद्यालय में कुलपति के रूप में दो पूर्ण कार्यकालों (सन् 1982 ई. से सन् 1985 ई. तक तथा सन् 1988 ई. से सन् 1991 ई. तक) के लिये नियुक्त किया। कुलपति के रूप में उन्होंने विश्वविद्यालय के शैक्षिक और अनुशासनात्मक रूप को अभूतपूर्व उत्कृष्टता पर पहुँचा दिया और चौबीस व्यवसायपरक पाठ्यक्रम प्रारम्भ करके विश्वविद्यालय को आवासीय विश्वविद्यालय में परिवर्तित कर दिया। इस अवधि में प्रो. माथुर ने अपनी मौलिक योजनाओं, विचारों और परिवर्तनों से शिक्षा जगत में अविस्मरणीय योगदान दिया।

dadaji maharah birthday satsang agra
पंक्तिबद्ध श्रद्धालु

इतिहासकार, लेखक, कवि, भक्ति योग का अभूतपूर्व ज्ञान

प्रो. माथुर सर्वमान्य एवं सुविख्यात विद्वान एवं इतिहासकार थे। वे मध्यकालीन और आधुनिककालीन भारतीय इतिहास तथा यूरोपीय और ब्रिटिश इतिहास के विशेषज्ञ के सम्मानित अध्याय के रूप में उभरे। वे गम्भीर शोधार्थी एवं सजग लेखक थे। वे साहित्य सृजन की विविधोन्मुखी प्रतिभा के धनी हैं, जिन्होंने सार्वजनिक सभाओं, शैक्षिक अधिवेशनों, संगोष्ठियों तथा गोष्ठियों में अगणित भाषण दिये हैं। उन्होंने अनेक पुस्तकों की रचना तथा उनका सम्पादन किया। प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने विभिन्न ज्वलन्त एवं सामयिक विषयों पर उनके मौलिक एवं सारगर्भित विचारों को समय-समय पर प्रमुखता से प्रकाशित एवं प्रसारित किए हैं। उन्होंने 300 से भी अधिक आलेख, इतिहास और संस्कृति, अर्थशास्त्र, विज्ञान एवं प्रोद्यौगिकी, जन कल्याण, दर्शन, समाजशास्त्र, राजनीति, साहित्य, कला, संगीत, समाज के निर्बल वर्गों के उत्थान, नवीन शिक्षा नीति, राष्ट्रीयता, राष्ट्रीय एकता और सुदृढ़ता, अन्तर्राष्ट्रीयता, स्थापत्य कला, सामाजिक अन्याय, महिला स्थिति, पर्यावरण प्रदूषण, जनसंख्या विस्फोट, आतंकवाद, खादी एवं स्वदेशी का महत्व, न्यायिक सक्रियता, धर्म और अध्यात्म, धर्मनिरपेक्षता, प्रेम, शान्ति, भ्रातृत्व, नैतिकता, आदि अनेक विषयों पर लिखे हैं जो मौलिक शोध पर आधारित हैं और स्तरीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए हैं।

राधास्वामी मत के गुरु

प्रथम आचार्यः परम पुरुष पूरन धनी स्वामी जी महाराज (सेठ शिवदयाल सिंह)

द्वितीय आचार्यः परम पुरुष पूरन धनी हजूर महाराज (राय सालिगराम बहादुर)

तृतीय आचार्यः लालाजी महाराज (अजुध्या प्रसाद)

चतुर्थ आचार्यः कुंवर जी महाराज (गुरु प्रसाद)

पंचम आचार्यः दादाजी महाराज (प्रो. अगम प्रसाद माथुर)

 

Dr. Bhanu Pratap Singh