गोरखपुर। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण को लेकर सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि तीसरे चरण के मतदान तक हताश हो चुके विपक्ष के नेता अब भगवान राम पर टिप्पणी करने लगे हैं। कोई कहता है कि राम मंदिर बेकार है तो कोई कहता है कि राम मंदिर से जनता को क्या लाभ है? योगी ने कहा कि आतंकवादियों की पैरवी करने वालों को तो राम मंदिर बुरा ही लगेगा।
सीएम योगी शुक्रवार को गोरखपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद और भाजपा प्रत्याशी रविकिशन शुक्ल के नामांकन के बाद, उनके पक्ष में महंत दिग्विजयनाथ पार्क में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार में रहते हुए आज के विपक्ष ने राम जन्मभूमि पर आतंकी हमला करने वालों के खिलाफ, आज देश में हो रही कार्रवाई और यूपी में माफिया के खिलाफ हो रहे एक्शन जैसे कड़े कदम उठाए होते तो संकटमोचन मंदिर और कचहरी पर आतंकी हमले नहीं होते। उन्होंने कहा कि तब आतंकवाद पर घुटना टेकने की नीति का दुष्परिणाम रहा कि इन हमलों में हजारों लोगों को जान गंवानी पड़ी।
महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन नगरी गोरखपुर की जनता भाजपा को एक बार फिर प्रचंड विजय का आशीर्वाद देने जा रही है।
यहां आयोजित जनसभा में… https://t.co/1XbrMgjvmo
— Yogi Adityanath (मोदी का परिवार) (@myogiadityanath) May 10, 2024
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरे चरण में लोकसभा का चुनाव अब उस मोड़ पर पहुंच गया है, जहां विपक्ष ने हार मान ली है। कांग्रेस, सपा और बसपा सबने हार स्वीकार कर ली है। तीन चरणों में 285 सीटों पर यानी पूरे देश के अंदर आधा चुनाव संपन्न हो चुका है।
योगी ने कहा कि चुनाव प्रचार में देश के अंदर उन्हें नौ राज्यों में जाने का अवसर प्राप्त हुआ है। पूरे देश के अंदर एक ही स्वर “फिर एक बार मोदी सरकार” गूंज रहा है। देश की जनता के लिए सारी समस्याओं का समाधान रामराज है और इसी रामराज के लिए जनता बार-बार मोदी सरकार को चुन रही है। जनता यही कह रही है, जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। हम उनको लाएंगे जिन्होंने रामराज की परिकल्पना को साकार किया है।
सीएम योगी ने कहा कि रामराज का मतलब सबका सम्मान, सबकी सुरक्षा और सबका विकास
सीएम योगी ने कहा कि रामराज का मतलब सबका सम्मान, सबकी सुरक्षा, सबका विकास और गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर तबके को बिना भेदभाव प्राप्त होना है। आज यह पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में साकार होता दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व वाले आज के नए भारत में सम्मान, सुरक्षा, विकास, गरीब कल्याण के साथ आस्था का सम्मान भी है। आज के भारत में बेटी के जन्म से लेकर विवाह तक की योजना है, नौजवानों के लिए नौकरी व रोजगार है, किसानों के लिए योजनाएं हैं। हर घर नल, हर घर बिजली, हर घर रसोई गैस है।
उन्होंने कहा कि आज देश में सबकुछ अच्छा है और इस अच्छे का श्रेय पीएम मोदी को तो जाता ही है, उससे अधिक जनता को जाता है क्योंकि 2014 में जनता ने ही मोदी जी को चुनकर भेजा। जनता ने मोदी को वोट दिया और उस वोट के कारण मोदी जी ने चमत्कार कर दिया, नए भारत का निर्माण कर दिया।
ई मंदिर क सीट बा, हम खड़ाऊं रखि के सेवा करत हईं : रविकिशन
सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी रवि किशन ने भोजपुरी में अपनी बात रखते हुए कहा कि ई मंदिर क सीट बा। हम खड़ाऊं रखि के सेवा करत हईं। 2019 में इहो कहलीं अउर अजुओ इहे कहत हईं। सेवक रहलीं औ सेवक ही रहब। हमरे साथे महराज जी (सीएम योगी) क आशीरबाद बा अउर हम्मे का चाहीं। उन्होंने कहा कि जनता के एक-एक वोट से देश-प्रदेश में मोदी-योगी की जोड़ी ने रामराज की स्थापना कर दी है।
जनसभा में प्रमुख रूप से भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, जिलाध्यक्ष युधिष्ठि सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, लोकसभा प्रमारी जनार्दन, कुशीनगर के सांसद विजय दूबे समेत भाजपा और सहयोगी दलों के सभी प्रमुख पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।
सीएम योगी ने जनसभा में कार्यकर्ताओं को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
सीएम योगी ने जनसभा में कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारी भी सौंपी। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान प्रत्याशी के लिए घर-घर जाना संभव नहीं होगा। एक संसदीय क्षेत्र में हजारों गांव व कई निकाय होते हैं। प्रत्याशी शक्तिकेंद्रों पर जाकर ही जनता से मिल पाएगा। ऐसे में आप सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को मोदी जी की तरफ से, मेरी तरफ से गोरखपुर में खुद रविकिशन बनना पड़ेगा। रविकिशन बनकर घर-घर जाना पड़ेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया तो सभी ने एक स्वर में हुंकार भरी।
आज देश में बिना चेहरा देखे 80 करोड़ लोगों को मिल रहा है राशन
सीएम योगी ने कहा कि आज देश में बिना चेहरा देखे 80 करोड़ लोगों को राशन मिल रहा है, जबकि कांग्रेस, सपा और बसपा के समय में चेहरा देखकर राशन दिया जाता था। आज 60 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये के नि:शुल्क इलाज वाली आयुष्मान योजना की सुविधा मिल रही है। बिना चेहरा देखे, पात्रता के आधार पर 50 करोड़ लोगों के जनधन एकाउंट खुल गए हैं जिससे अब योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थी के खाते में जाता है। 12 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है जबकि पहले किसान आत्महत्या करने को मजबूर थे। 12 करोड़ घरों में शौचालय बन गए हैं। 10 करोड़ घरों में उज्जवला योजना के तहत रसोई गैस के कनेक्शन हैं। चार करोड़ लोगों के मकान बन गए हैं, अकेले एक लाख मकान गोरखपुर में बने हैं।
-एजेंसी
- साइको सेक्सुअल डिसऑर्डर का शिकार हुआ युवक: मलाशय में फंसी 1 लीटर की बोतल, जटिल सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने बचाई जान - March 16, 2026
- उदयन शालिनी केयर ने मनाया ‘आत्मनिर्भर नारी’ का उत्सव: प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में गूंजी महिला सशक्तिकरण की गूँज - March 16, 2026
- आगरा में होली मिलन समारोह की धूम: कहीं फूलों की होली तो कहीं कवियों की ओजस्वी फुहार, उमड़ा जनसैलाब - March 16, 2026