आगरा। आगरा और आसपास के क्षेत्र में मौसम ने एक बार फिर पलटी मार दी है। कल दोपहर तक गर्मी बर्दाश्त नहीं हो रही थी और आज की सुबह ठंडी हवाएं लोगों को हल्की सर्दी का अहसास करा रही हैं। मौसम में आया यह बदलाव दो दिन ऐसे ही रह सकता है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और छींटे पड़ने का अनुमान भी मौसम विभाग ने जताया है।
इस बार फरवरी के माह में मौसम में जितना उतार-चढ़ाव आया है, वैसा इससे पहले कभी नहीं हुआ। फरवरी की शुरुआत से ही सर्दी की विदाई का अहसास होने लगा था। तापमान निरंतर बढ़ रहा था। लोग गर्म कपड़ों को उतार चुके थे कि दो सप्ताह पहले एक बार फिर मौसम ने पलटी मारी। बारिश हुई तो कुछ दिन के लिए फिर से हल्की सी ठंडक महसूस होने लगी। यह स्थिति दो-चार दिन ही चली। इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने लगा था।
पिछले एक सप्ताह से तो तापमान तेजी से ऊपर जा रहा था। एक दिन पहले तक आगरा का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया था। घरों में पंखे चलने लगे थे। धूप की तल्खी बर्दाश्त नहीं हो रही थी। गुरुवार को अपराह्न के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ली। आसमान में बादल छा गये और ठंडी हवाएं चलने लगीं। शुक्रवार की सुबह भी लोग जब सोकर उठे तो आसमान में बादल छाये हुए थे। ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने को मजबूर कर दिया। तापमान में भी दो डिग्री सेल्सियस से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम के इस बदलाव ने किसानों के चेहरों पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं क्योंकि अगर बारिश हो गई तो आलू की खुदाई रुक जाएगी। जिले भर में किसान इन दिनों आलू की खुदाई में व्यस्त हैं। तेज हवाएं चलने से अन्य फसलों पर विपरीत असर पड़ सकता है।
- आगरा के जनकपुरी महोत्सव को मिला 12 करोड़ का ऐतिहासिक विकास बजट, महापौर हेमलता दिवाकर ने क्षेत्र में विभिन्न कार्यों का किया उद्घाटन - September 15, 2026
- 3,400 करोड़ के मालिक बीजेपी विधायक बने ‘भिखारी’: सड़क पर उतरकर मांगी भीख, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान - September 15, 2026
- आगरा में श्री हरि सत्संग समिति की नित्य प्रभात फेरी के 15 साल पूरे: भव्य संकीर्तन यात्रा में उमड़े श्रद्धालु, विधायक ने की पुष्पवर्षा - September 15, 2026