स्वर्ण जयंती वर्ष में लायंस क्लब ऑफ आगरा विशाल की बड़ी सौगात, 25 होनहार छात्राओं को प्रदान की साइकिलें

PRESS RELEASE

आगरा: लायंस क्लब ऑफ आगरा विशाल द्वारा अपनी सेवा गतिविधियों की श्रृंखला में शनिवार को श्री रामस्वरूप सिंघल गर्ल्स कॉलेज, दरेसी-1, आगरा में एक भव्य सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं की 25 जरूरतमंद एवं मेधावी छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं, ताकि उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिल सके तथा उनकी शिक्षा की राह और आसान हो सके।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब के अध्यक्ष Ln. CA राकेश अग्रवाल, सचिव Ln. मनीष बंसल, कोषाध्यक्ष Ln. सोम मित्तल, एक्टिविटी चेयरपर्सन ln. अजय बंसल एवं संस्थान के अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष Ln. CA राकेश अग्रवाल ने कहा कि लायंस क्लब ऑफ आगरा विशाल के लिए यह वर्ष अत्यंत गौरवपूर्ण है, क्योंकि क्लब अपना स्वर्ण जयंती (Golden Jubilee) वर्ष मना रहा है। 50 वर्षों की गौरवशाली सेवा यात्रा में क्लब ने सदैव समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्थान को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा कि गोल्डन जुबिली वर्ष में क्लब का संकल्प है कि सेवा कार्यों को और अधिक व्यापक एवं प्रभावशाली बनाया जाए। छात्राओं को साइकिल प्रदान करना केवल एक सहायता नहीं, बल्कि उनके सपनों को पंख देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक छोटा सा प्रयास है। उन्होंने सभी छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा जीवन में ऊंचे लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के चेयरपर्सन Ln. अजय बंसल ने कहा कि क्लब द्वारा इस वर्ष की गई यह पहल आगे भी निरंतर जारी रहेगी। भविष्य में भी विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को साइकिलें प्रदान की जाएंगी, ताकि उनकी मेहनत और प्रतिभा को प्रोत्साहन मिले तथा अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा प्राप्त हो।

संस्थान के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने लायंस क्लब ऑफ आगरा विशाल के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं।

कार्यक्रम में कॉलेज की प्रधानाचार्या, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। क्लब की ओर से Ln. विजय सेठिया, Ln. किशोर जैन, Ln. प्रमोद अग्रवाल, Capt. विवेक गुप्ता, Ln. हेमेन्द्र अग्रवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, सेवा भावना एवं सामाजिक सरोकारों से ओतप्रोत रहा। अंत में सभी ने इस संकल्प को दोहराया कि शिक्षा एवं बालिका सशक्तिकरण के क्षेत्र में ऐसे सेवा कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।

Dr. Bhanu Pratap Singh