आवास विकास सेक्टर-4बी के जैन मंदिर में 23 नवंबर को भव्य भजन संध्या, णमोकार महामंत्र और भक्तामर स्तोत्र से गूंजेगा परिसर

PRESS RELEASE

आगरा। आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-4बी में स्थित श्री 1008 प्रभु पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आठ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान जारी है। इसी धार्मिक अनुष्ठान के तहत आगामी 23 नवंबर को मंदिर प्रांगण में विविध धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। संध्या के समय मंदिर परिसर में सामूहिक णमोकार महामंत्र का पाठ, श्री भक्तामर स्तोत्र, संगीतमय आरती के साथ-साथ ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुति के बीच भजन संध्या होगी। इन आयोजनों को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

​शनिवार, 21 नवंबर को मंदिर परिसर में नवग्रह युवक मंडल की तरफ से आगामी कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं को लेकर एक बैठक हुई। इस बैठक में 23 नवंबर के आयोजनों का पूरा खाका तैयार करने के साथ-साथ धार्मिक कार्यक्रमों का आमंत्रण पत्र भी औपचारिक रूप से जारी किया गया।

नवग्रह युवक मंडल के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि सिद्धचक्र महामंडल विधान की आराधना के अंतर्गत 23 नवंबर की शाम होने वाले समस्त कार्यक्रमों व व्यवस्थाओं का जिम्मा मंडल द्वारा संभाला जाएगा।

​मंत्रोच्चार से भजन संध्या तक सजेगा भक्ति का माहौल

मंदिर परिसर में सोमवार शाम को आस्था और भक्ति से भरे कार्यक्रमों की कड़ी आयोजित होगी। शाम 6:00 बजे 35 मिनट तक सामूहिक णमोकार महामंत्र के पाठ से कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। इसके पश्चात शाम 6:35 बजे श्री भक्तामर स्तोत्र का वाचन होगा। फिर शाम 7:00 बजे भगवान की संगीतमय आरती आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त आस्था के साथ भाग लेंगे। रात 8:00 बजे ऑर्केस्ट्रा टीम के साथ भव्य भजन संध्या शुरू होगी, जहां भक्ति गीतों व भजनों के जरिए श्रद्धालु प्रभु की स्तुति करेंगे। आयोजन के अंत में मौजूद भक्तों के लिए प्रभावना का प्रबंध भी किया गया है।

​क्षेत्रीय पार्षद होंगे मुख्य अतिथि

इस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय पार्षद संजू सिकरवार समेत अन्य सम्मानित नागरिक मौजूद रहेंगे। आयोजकों ने महानगर के सभी धर्मप्रेमी लोगों से परिवार सहित पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने और धर्मलाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।

आमंत्रण पत्र के विमोचन के दौरान सिद्धचक्र विधान के पुण्यार्जक परिवार से अशोक कुमार जैन (बर्तन वाले), मंदिर प्रबंध समिति सेक्टर-4बी के अध्यक्ष अभय जैन, मंत्री सुशील कुमार जैन, अशोक जैन, मुकेश जैन, सौरभ जैन और समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

इसके साथ ही नवग्रह युवक मंडल के अध्यक्ष संदेश जैन, मंत्री अभिषेक जैन, मयंक जैन, संयोजक प्रवीन जैन, मीडिया प्रभारी लक्की जैन, संतोष जैन एवं मंडल के सदस्यों के अलावा शाश्वत महिला मंडल व वधू मंडल सेक्टर-4बी की पदाधिकारियों सहित काफी संख्या में स्थानीय समाजजन उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh