अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़ी यह खबर पिछले कुछ घंटे से सुर्खियों में है कि उसे पाकिस्तान में कराची में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कहा जा रहा है कि उसे किसी ने पाकिस्तान में जहर दिया है, इसलिए उसकी तबीयत एकाएक बहुत खराब हो गई और उसे तत्काल अस्पताल में शिफ्ट करना पड़ा। उसकी हालत गंभीर है और वह आईसीयू में भर्ती है।
हालांकि मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने इस खबर की अभी पुष्टि नहीं की है। ज्यादातर अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई आइडिया नहीं है। इन अधिकारियों का कहना है कि आईबी और रॉ जैसी एजेंसियों को इस बारे में पुख्ता जानकारी होगी।
दरअसल, जब पिछले पखवाड़े 26/11 मुंबई हमले के साजिशकर्ताओं में से एक साजिद मीर को पाकिस्तान में जहर दिया गया था तब मुंबई पुलिस के कुछ अधिकारियों ने बातचीत में इस बात की आशंका व्यक्त की थी कि जो पाकिस्तान अपने ही नागरिक साजिद को मरवाने की कोशिश कर सकता है वो दाऊद को भी जहर दे सकता है।
मुंबई का रहने वाला दाऊद साल 1994 में दुबई भाग गया था। कई साल बाद वह अपने परिवार के साथ वहां से पाकिस्तान शिफ्ट हो गया था। मुंबई पुलिस के इन अधिकारियों का कहना था कि पाकिस्तान किसी का भी सगा नहीं है। जब भी उसे आशंका रहेगी कि किसी सरगना की वजह से उसके खुद के नकाब उतरने की आशंका है, वह उसे मरवा देगा। यदि जरूरत पड़ी तो दाऊद को भी जहर दे देगा।
93 के बम धमाकों का मास्टरमाइंड है दाऊद
26/11/ 2008 से बहुत साल पहले मार्च 1993 में मुंबई में एक दर्जन से ज्यादा बम धमाके हुए थे। उसमें दाऊद और उसके लोगों की साजिश सार्वजनिक हुई थी। 93 के बम धमाकों में आरडीएक्स का इस्तेमाल हुआ था। दुनिया में आरडीएक्स इस्तेमाल का शायद यह पहला मामला था। उसके बाद उसका जब और भी आतंकवादी गतिविधियों में नाम सामने आया तो बहुत साल बाद संयुक्त राष्ट्र संघ ने उसे ग्लोबल टेररिस्ट घोषित कर दिया था।
साजिद मीर की तरह उस पर भी इनाम घोषित है। पिछले साल एनआईए ने दिल्ली में टेरर फंडिग केस में जिन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, उनमें दाऊद का नाम पहले नंबर पर है। उस पर अकेले मुंबई में 100 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। उसकी काफी प्रॉपर्टी मुंबई पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियां कोर्ट का आदेश लेकर कुर्क कर चुकी हैं और कई की नीलामी भी कर चुकी हैं।
उसका भाई इकबाल कासकर ठाणे जेल में बंद है। इकबाल के बेटे और दाऊद के भतीजे रिजवान कासकर को भी चार साल पहले मुंबई पुलिस ने मकोका के तहत तब गिरफ्तार किया था, जब वह दुबई की फ्लाइट पकड़ने को था। उसके दो सगे रिश्तेदारों सलीम फ्रूट और आरिफ भाईजान भी इन दिनों एनआईए और मुंबई क्राइम ब्रांच से जुड़े अलग-अलग केसों में जेल में बंद हैं।
-एजेंसी
- बरेली में साध्वी प्राची का बयान: ‘दंगा करने वाले दंगाइयों की कर देनी चाहिए नसबंदी’, मौलाना तौकीर की संपत्ति पर चले बुलडोजर - October 27, 2025
- सुलतानपुर: बिरसिंहपुर अस्पताल की बदहाल स्थिति पर AAP का धरना, CMS बोले- अर्थी निकालनी है तो सरकार और सीएम योगी की निकालो, सीएमओ ने मांगा स्पष्टीकरण - October 27, 2025
- Agra News: पिता की हत्या कर शव गायब करने के आरोप में बेटा हिरासत में, शव की तलाश में जुटी पुलिस - October 26, 2025