आगरा: हाथों में मेहंदी रचाकर और पलकें बिछाकर दुल्हन अपने पिया दूल्हे राजा का इंतजार कर रही थी। घर वाले भी सज धज के बरात के आगमन और उनके स्वागत हेतु इंतजार में खड़े हुए थे। एक तरफ दावत शुरू हो चुकी थी, रिश्तेदार दावत का आनंद लेकर बार-बार बरात के आगमन की जानकारी जुटा रहे थे। बैंड वाले बरात चढ़ाने के लिए तैयार थे और गाने बजाने का अभ्यास कर रहे थे। इस बीच दूल्हा पक्ष की ओर से दुल्हन पक्ष के पास एक फोन आया और सभी के अरमानों पर पानी फिर गया।
सभी लोग सकते में आ गए कि आखिरकार यह हुआ किया। परिजनों ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि बारात नहीं आ रही है, दूल्हे की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जैसे ही यह सूचना अन्य लोगों को हुई तो चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया।
दूल्हा बने मंत्री पुत्र नहीं लेकर पहुंचे बरात
यह पूरा मामला प्रदेश के कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति के परिवार से जुड़ा हुआ है। मंत्री के बेटे का रिश्ता आगरा-जलेसर रोड स्थित गांव मुड़ी जहांगीरपुर से तय हुआ था। शुक्रवार को खंदौली में स्थित माया वाटिका में शादी समारोह संपन्न होना था। सारी तैयारियां भी हो चुकी थी। वाटिका में दुल्हन परिवार के साथ मौजूद थी। दावत चल रही थी। बरात आने की प्रतीक्षा हो रही थी। मगर, देर रात तक दूल्हा बने मंत्री पुत्र बरात लेकर नहीं पहुंचे। दुल्हन के चाचा ने बताया कि दूल्हे का अचानक ब्लड प्रेशर कम हो गया, इससे बरात नहीं आई। दूल्हे को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।
सदमे में दुल्हन
इस पूरी घटना से दुल्हन भी सकते में आ गई है। पलके बिछाए दूल्हे का इंतजार कर रही दुल्हन को भरोसा ही नहीं हो रहा कि आखिरकार उसकी बरात नहीं आई है। इस घटना से चर्चाओं का बाजार भी पूरी तरह से गर्म है। जानकारी के मुताबिक दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और पंचायत के तहत ये विवाह हुआ था लेकिन अचानक से दूल्हे की तबीयत बिगड़ना और उसके हॉस्पिटल में भर्ती होना दुल्हन के लिए बड़ा सवाल बन गया है।
जानकारी के मुताबिक दूल्हे की तबीयत खराब होने पर उन्हें सिकंदरा स्थित उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। देर रात उनको वहां से छुट्टी दे दी गई। छुट्टी मिलने के बाद भी दूल्हे के न पहुंचने पर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। लोग चर्चाएं कर रहे हैं कि मंत्री पुत्र अभी शादी नहीं करना चाहते है।
इस मामले में जब राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति से बात हुई तो उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि उनके बेटे को संदिग्ध बुखार आया था, इसी के चलते अस्पताल में भर्ती कराकर उसकी जांच करवाई गई है। अगर डेंगू की पुष्टि होती है तो उसे लखनऊ के अच्छे अस्पताल में इलाज करवाया जाएगा। जबकि दुल्हन पक्ष द्वारा बारात का इंतजार किए जाने की बात पर उन्होंने कहा कि उनकी लड़की पक्ष वालों से बात नहीं हो पाई है इसलिए वह उनको सूचना नहीं दे पाए।
- आगरा में सर्जन्स ने दिया हरित भविष्य का संदेश, इलेक्ट्रिक वाहनों की रैली निकालकर प्रदूषण नियंत्रण का किया आह्वान - June 15, 2026
- “अब और नहीं सहेंगे परेशानी” : प्रसिद्ध आयकर अधिवक्ता अनिल वर्मा एडवोकेट के नेतृत्व में 12 सूत्रीय ज्ञापन से हिली नगर निगम व्यवस्था - June 15, 2026
- आगरा में खौफनाक वारदात: बाह में ज्वेलर्स के घर डाका, बिजली काटकर परिवार को बनाया बंधक - June 15, 2026