आगरा। भारत रत्न और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती के मौके पर आगरा में समाजवादी पार्टी की ओर से जन जागरण वाहन रैली निकाली गई। रैली के जरिए पार्टी ने सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की मूल भावना को मजबूत करने का संदेश लोगों तक पहुंचाया।
रैली के दौरान समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर सिर्फ एक नेता नहीं थे, बल्कि सामाजिक न्याय की ऐसी विचारधारा थे जिसने पिछड़े, दलित, वंचित और शोषित वर्ग को सम्मान और अधिकार दिलाने का काम किया। उन्होंने कहा कि दो बार बिहार के मुख्यमंत्री रहते हुए कर्पूरी ठाकुर ने सादगी, ईमानदारी और सिद्धांतों की राजनीति की मिसाल पेश की। शब्बीर अब्बास ने यह भी कहा कि आज जब सामाजिक न्याय और संविधान की भावना पर सवाल उठ रहे हैं, तब कर्पूरी ठाकुर के विचार पहले से ज्यादा जरूरी हो गए हैं।
यह जन जागरण वाहन रैली समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा की जिला अध्यक्ष श्रीमती सुलेखा श्रीवास्तव, सुनील चित्तोड़िया, राजीव सविता और नरेंद्र सविता के नेतृत्व में सविता समाज द्वारा आयोजित की गई। रैली की शुरुआत सुबह 10 बजे त्रिदेव गेस्ट हाउस, सौ फुटा रोड, कालिंदी विहार, ट्रांसयमुना से हुई।
वाहन रैली त्रिदेव गेस्ट हाउस से निकलकर छलेसर, कुबेरपुर, इनर रिंग रोड, रमाडा, तोरा पुलिस चौकी, फतेहाबाद रोड होते हुए समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पहुंची। जिला कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, प्रदेश ममता टपलू, पवन प्रजापति, संतोष पाल, देवेंद्र यादव और पप्पू यादव ने प्रतिभागियों का माल्यार्पण कर और पट्टे पहनाकर स्वागत किया।
पार्टी कार्यालय पर जयंती कार्यक्रम के बाद रैली का समापन राजपुर चुंगी, सदर बाजार स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर के स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।
समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा की जिला अध्यक्ष सुलेखा श्रीवास्तव ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने शिक्षा और सामाजिक समानता को मजबूत करने के लिए अहम कदम उठाए थे। उनकी नीतियां आज भी पिछड़े और वंचित समाज के लिए प्रेरणा देती हैं।
- डॉ. चिन्मय पंड्या का आह्वान: राष्ट्र निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना जरूरी - October 13, 2026
- आगरा नगर निगम में ई-टेंडर घोटाले की सुगबुगाहट: 100 से 200 करोड़ रुपये की अनियमितता की आशंका, एसआईटी जांच की मांग - October 13, 2026
- यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 का विस्तृत कार्यक्रम घोषित: 5 फरवरी से शुरू होंगी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षाएं - October 12, 2026