मुख्यमंत्री जी गुंडों को पनाह दे रहे हैं… कैबिनेट मंत्री राजभर के “सबसे बड़ा गुंडा” वाले बयान पर सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज का तीखा प्रहार

POLITICS

​बांदा/लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर द्वारा अति उत्साह में दिया गया विवादित बयान अब सत्ता पक्ष के लिए गले की फांस बनता नजर आ रहा है। बांदा में आयोजित एक जनसभा के दौरान खुले मंच से खुद को देश का “सबसे बड़ा गुंडा” बताने और चर्चित बाहुबलियों के हाजिरी लगाने का दावा करने के बाद विपक्षी दलों ने सरकार की चौतरफा घेराबंदी शुरू कर दी है। इस बीच, समाजवादी पार्टी के सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने राजभर के बयान वाले वीडियो को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री पर गुंडों को पनाह देने का गंभीर आरोप लगाया है।

​सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने वीडियो शेयर कर बोला हमला

​सपा के राज्यसभा सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के भाषण का वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करते हुए योगी सरकार पर करारा प्रहार किया।

;

उन्होंने लिखा ​”मंत्री जी कह रहे हैं ‘मैं सबसे बड़ा गुंडा हूं… मुख्तार अंसारी, बृजेश सिंह, धनंजय सिंह और अभय सिंह मेरी दरबारी करते हैं…’ मुख्यमंत्री जी गुंडों को पनाह दे रहे हैं।”

बता दें कि ओम प्रकाश राजभर ने अपने आपको देश का सबसे बड़ा गुंडा बताया है और ये भी दावा किया कि देश के चर्चित माफिया और बाहुबली नेता उनकी दरबारी करते थे। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हालांकि एक उच्च संवैधानिक और जिम्मेदार पद पर आसीन मंत्री द्वारा सरेआम खुद को देश का सबसे बड़ा गुंडा बताना और माफियाओं के अपने यहां दरबार लगाने का दंभ भरना प्रशासनिक व राजनीतिक गलियारों में कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। सपा सांसद के इस बयान के बाद विपक्ष ने राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति और कानून-व्यवस्था के दावों पर सवाल दागने शुरू कर दिए हैं।

​बांदा में राजभर का पूरा विवादित बयान

उल्लेखनीय है कि कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर सोमवार को बांदा जिले में अपनी पार्टी के एक संगठनात्मक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान मंच से तेवर दिखाते हुए उन्होंने कहा था ​”हम सुनते हैं कि इस इलाके में बहुत बड़े गुंडा रहते हैं। हमसे बढ़कर इस देश में गुंडा कौन है?… ओम प्रकाश राजभर के यहां मुख्तार अंसारी हो, बृजेश सिंह हो, धनंजय सिंह हो, अभय सिंह जैसे लोग दरबार करते हों तो बताओ हमसे बड़ा गुंडा कौन है? कोई है… अगर आपको कोई आंख दिखाने की कोशिश करेगा तो उसकी दूसरी आंख निकालने की हैसियत ओम प्रकाश राजभर के पास है। आप घबराओ नहीं, हम पहली बार बांदा आए हैं…”

​इस वायरल वीडियो के सामने आने और विपक्ष द्वारा हमलावर रुख अपनाने के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में नया सियासी घमासान छिड़ गया है। अब देखना होगा कि भारतीय जनता पार्टी और सरकार इस पर क्या सफाई पेश करती है।

Dr. Bhanu Pratap Singh