अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण और बिना लिखित परीक्षा नियुक्ति का ऐलान: यूपी की राजनीति में गेम चेंजर बन सकता है सीएम योगी का यह फैसला

POLITICS

लखनऊ। “चार साल सेना में देश की सेवा करो और फिर नौकरी के लिए दर-दर भटकने की चिंता मत करो!” मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण और बिना लिखित परीक्षा के सीधी नियुक्ति की घोषणा के जरिए उत्तर प्रदेश के लाखों युवाओं और उनके परिवारों को यही स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से ठीक पहले आया यह ऐलान महज रोजगार से जुड़ा कोई सामान्य प्रशासनिक फैसला नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सोची-समझी चुनावी रणनीति का एक बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा साबित हो सकता है। इसकी सबसे बड़ी वजह ग्रामीण अंचलों में सेना की नौकरी को लेकर जबरदस्त दीवानगी और केंद्र की ‘अग्निवीर योजना’ के बाद युवाओं के भविष्य को लेकर पैदा हुई अनिश्चितता का माहौल रहा है।

​अग्निवीर योजना लागू होने के बाद से ही विपक्ष का सबसे तीखा और बड़ा हमला यही रहा है कि चार साल की अल्पकालिक सेवा के बाद अग्निवीर आखिर क्या करेंगे? सेना में स्थायी नियुक्ति का दायरा सीमित होने के कारण सेवा पूरी करने के बाद युवाओं को नए सिरे से रोजगार की तलाश करनी पड़ती है। विपक्ष इसी आशंका को युवाओं के भविष्य और केंद्र सरकार की नीति से जोड़कर लगातार एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाता रहा है।

​मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा की एक जनसभा के माध्यम से इस पूरी बहस का रुख ही बदलने का प्रयास किया है। उनका स्पष्ट संदेश है कि सेना से लौटने वाले अग्निवीरों के लिए उत्तर प्रदेश के सरकारी विभागों के दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे। यानी, चार साल की सैन्य सेवा के बाद युवाओं के भविष्य और रोजगार की चिंता को कम करने का ठोस रास्ता राज्य सरकार ने तैयार कर लिया है। इस तरह योगी सरकार ने विपक्ष की सबसे बड़ी राजनीतिक आपत्ति और हथियार को अपने पक्ष में इस्तेमाल करने की मजबूत जमीन तैयार कर ली है।

​गांवों में इस घोषणा की गूंज क्यों होगी?

उत्तर प्रदेश के गांवों में फौज की नौकरी का मतलब केवल वेतन पाना भर नहीं होता। यह पूरे परिवार के सम्मान, गांव की प्रतिष्ठा और नौजवान के लिए सामाजिक गौरव का विषय होता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गांवों से लेकर अवध और पूर्वांचल तक बड़ी संख्या में युवा सेना में जाने का सपना संजोते हैं। कई परिवारों में तो पीढ़ियों से सेना में सेवा देने की गौरवशाली परंपरा रही है।

​अब सरकार इन युवाओं के सामने एक आकर्षक विकल्प रख रही है—सेना में चार साल की सेवा के बाद प्रदेश के सरकारी विभागों में 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का अवसर। इसका मनोवैज्ञानिक संदेश केवल उन युवाओं तक सीमित नहीं रहेगा जो वर्तमान में अग्निवीर के रूप में सेवा दे रहे हैं, बल्कि उन हजारों नौजवानों तक भी पहुंचेगा जो सेना की अगली भर्ती की तैयारियों में जुटे हैं।

​गांवों की चौपालों, युवाओं के अखाड़ों और कोचिंग सेंटरों में इस फैसले की सुगबुगाहट साफ देखी जा सकती है। जब एक अग्निवीर को सरकारी नौकरी का अवसर मिलता है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव केवल एक परिवार तक सीमित न रहकर आसपास के कई परिवारों के युवाओं को प्रेरित करता है। यही इस घोषणा की सबसे बड़ी राजनीतिक और सामाजिक ताकत है।

अग्निपथ को बनाया रोजगार का नया रास्ता

इस पूरी नीति का एक और दिलचस्प पहलू यह है कि अब भाजपा ‘अग्निवीर योजना’ को केवल सेना में भर्ती की एक व्यवस्था के रूप में नहीं, बल्कि कड़े सैन्य प्रशिक्षण के बाद सीधे रोजगार के सुदृढ़ अवसर के रूप में पेश कर रही है। चार साल की सेवा के दौरान अनुशासन, उच्च कोटि की शारीरिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और कठिन से कठिन परिस्थितियों में काम करने का अनुभव हासिल करने वाले युवाओं को पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, वन और कारागार जैसे विभागों में अत्यधिक उपयोगी साबित किया जा सकता है।

​इसके साथ ही, बिना लिखित परीक्षा के सीधी नियुक्ति की घोषणा युवाओं के लिए इस प्रस्ताव को और अधिक आकर्षक बनाती है। वर्तमान में भर्ती परीक्षाओं की लंबी कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया, पेपर लीक के साये, परिणामों में देरी और नियुक्तियों के लंबे इंतजार से मानसिक रूप से परेशान युवाओं के बीच यह संदेश बहुत गहरा असर डालेगा कि सैन्य सेवा के बाद उन्हें एक और लंबी परीक्षा की दौड़ से नहीं गुजरना पड़ेगा।

यद्यपि 20 प्रतिशत आरक्षण का मतलब यह नहीं है कि प्रत्येक अग्निवीर को सरकारी नौकरी की शत-प्रतिशत गारंटी मिल जाएगी; नियुक्तियां उपलब्ध रिक्त पदों, विभागीय सेवा नियमों और निर्धारित पात्रता शर्तों के अधीन ही होंगी। किंतु चुनावी राजनीति के मैदान में इस घोषणा का संदेश बेहद व्यापक और दूरगामी है।

विपक्ष के सामने खड़ी हुई नई राजनीतिक उलझन

योगी सरकार के इस कदम ने विपक्ष के सामने एक गंभीर राजनीतिक उलझन पैदा कर दी है। यदि समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पार्टी अग्निवीर योजना का विरोध जारी रखती हैं, तो भाजपा सीधे तौर पर यह सवाल खड़ा कर सकती है कि जब प्रदेश सरकार अग्निवीरों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार के शानदार अवसर दे रही है, तब आखिर विपक्ष को इससे क्या आपत्ति है? वहीं, यदि विपक्ष इस फैसले का स्वागत करता है, तो अग्निवीरों के भविष्य को लेकर उसकी पुरानी और आक्रामक घेराबंदी अपने आप कमजोर पड़ जाएगी।

​अब विपक्ष के लिए केवल ‘अग्निवीर योजना’ की खामियां गिनाना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उसे यह भी सार्वजनिक करना होगा कि चार साल बाद सेना से लौटने वाले युवाओं के लिए उसके पास कौन-सी ठोस और वैकल्पिक रोजगार योजना मौजूद है।

प्रशासनिक निर्णय से लेकर चुनावी विमर्श तक

​पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षण का यह फैसला पूरी तरह अचानक नहीं आया है। गत अक्टूबर 2026 में ही प्रदेश सरकार ने पुलिस, वन, कारागार और परिवहन विभाग की विभिन्न भर्तियों में 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और आयु सीमा में छूट से संबंधित नियमों को औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी थी। अब गोंडा की सभा के माध्यम से मुख्यमंत्री ने इसी प्रशासनिक नीति को एक बड़े और मुखर राजनीतिक संदेश के रूप में जनता के सामने रख दिया है।

​स्पष्ट है कि सरकार ने पहले जमीन पर प्रशासनिक कदम उठाया और अब उसे आगामी 2027 के चुनावी विमर्श का मुख्य हिस्सा बना दिया है। प्रचार के दौरान भाजपा इसे युवाओं के भविष्य की सुरक्षा, प्रशासनिक सुगमता और देश के सैनिकों के सम्मान से जोड़कर पेश करेगी।

​एक तीर से कई निशाने

फिलहाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कदम से एक तीर से कई निशाने साधने की कोशिश की है। एक तरफ जहां उन्होंने अग्निवीर योजना पर विपक्ष की चौतरफा घेराबंदी का माकूल जवाब दिया है, वहीं सेना में जाने की ललक रखने वाले ग्रामीण युवाओं को नया भरोसा दिया है। 2027 के आसन्न विधानसभा रण में सड़क, बिजली, कानून-व्यवस्था और रोजगार के पारंपरिक मुद्दों के साथ अब ‘अग्निवीरों का भविष्य’ भी एक प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है, और योगी ने इस पर मास्टरस्ट्रोक चलकर विपक्ष को परेशानी में डाल दिया हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh