पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह और मां सरपंच चरण कौर ने चंडीगढ़ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। मुलाकात चंडीगढ़ टेक्निकल एयरपोर्ट पर हुई। मुलाकात के दौरान मूसेवाला के पिता बलकौर रोने लगे। उन्होंने हाथ जोड़कर शाह से मूसेवाला हत्याकांड की जांच केंद्रीय एजेंसी से करवाने मांग की। इस मौके केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत और चंडीगढ़ सांसद किरण खेर भी मौजूद रहीं।
इससे पहले पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सिटिंग जज से मूसेवाला हत्याकांड की जांच करवाने से इंकार कर दिया है। मूसेवाला के पिता की मांग पर पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट रजिस्ट्रार को लेटर भेजा था। सरकार को दिए जवाब में कहा गया कि पहले ऐसा कभी नहीं हुआ कि हाईकोर्ट किसी सिटिंग जज को ऐसे मामले में जांच के लिए कहे। इसके अलावा जजों की कमी और केसों के लंबित होने का भी हवाला दिया गया है।
इसी मांग को लेकर परिवार ने रोका था पोस्टमार्टम
29 मई को मानसा के जवाहरके गांव में मूसेवाला की हत्या हुई थी। 30 मई को परिवार ने हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच की मांग की। उन्होंने पोस्टमार्टम की परमीशन नहीं दी। जिसके बाद गृह सचिव अनुराग वर्मा ने हाईकोर्ट रजिस्ट्रार को लेटर लिखा। इसके बाद ही पोस्टमार्टम हुआ।
मान सरकार ने रिटायर्ड जज से जांच का दिया था सुझाव
हाईकोर्ट के इंकार करने के बाद पंजाब की CM भगवंत मान की सरकार ने परिवार को रिटायर्ड हाईकोर्ट जज से जांच का सुझाव दिया था। उन्हें 5 नाम भी दिए गए थे। हालांकि, वह सिटिंग जज की मांग कर रहे हैं।
पंजाब पुलिस की SIT कर रही जांच
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की जांच फिलहाल पंजाब पुलिस कर रही है। जिसकी निगरानी एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के ADGP प्रमोद बान कर रहे हैं। इसमें IG जसकरन सिंह, AIG गुरमीत चौहान समेत कुल 5 मेंबर शामिल किए गए हैं। हालांकि, अभी तक इस मामले में पुलिस कोई बड़ा खुलासा नहीं कर सकी है।
-एजेंसियां
- बच्चा ट्रेन में छूटा तो बदहवास होकर दौड़ी मां, आगरा कैंट स्टेशन पर चलती ट्रेन पकड़ने के चक्कर में दो बार गिरी महिला, वीडियो वायरल - March 2, 2026
- कला के कैनवास पर आधी आबादी की हुंकार: केंद्रीय मंत्री बघेल बोले— ‘आज हर क्षेत्र में पुरुषों से आगे निकल रही हैं महिलाएं’ - March 2, 2026
- आगरा का यमुना ब्रिज अपहरण कांड: 3 महीने बाद जगी उम्मीद, पुलिस ने कहा— ‘5 मार्च तक बरामद होगी दलित युवती’ - March 2, 2026