nishu pandit

कार नहीं मिली तो सपा नेता ने कर दी पत्नी की हत्या, पुलिस ने भेजा जेल

Crime REGIONAL

सपा का  जिला उपाध्यक्ष रहा है हत्यारोपी मेघश्याम उपाध्याय उर्फ निशु पंडित

Agra, Uttar Pradesh, India. थाना अछनेरा के गांव भवनपुरा में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थिति में सपा नेता की पत्नी को मौत हो गई थी। शव पर चोट के निशान थे। मृतका के पिता ने सपा नेता समेेत पांच लोगों के खिलाफ थाने में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। सोमवार को अछनेरा पुलिस ने हत्यारोपी पति सपा नेता निशु पंडित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

ये है मामला
थाना खेरागढ़ के गांव भाकर निवासी जगदीश प्रसाद ने थाना अछनेरा में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया  कि उन्होंने अपनी पुत्री याचना का विवाह जनवरी 2016 में थाना अछनेरा के गांव भवनपुरा निवासी मेघश्याम उपाध्याय उर्फ निशु पंडित के साथ किया था। शादी में तय अनुसार दहेज दिया था। आरोप है ​कि निशु आए​ दिन याचना को मायके से चार पहिया की गाड़ी लाने को लेकर परेशान करता था। इसी को लेकर वह याचना के साथ मारपीट करता था।

याचना की संदिग्ध परिस्थिति में मौत
जगदीश के अनुसार निशु ने गुरुवार रात को याचना से मायके से गाड़ी लाने को लेकर झगड़ा कर लिया। इसी को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि निशु ने अपने भाइयों के साथ मिलकर याचना को बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। शुक्रवार सुब​ह घटना की जानकारी याचना के परिजनों को हुई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर आ गए। जगदीश ने मौके पर पुलिस को बुला लिया। मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी के शरीर पर जगह जगह चोट के निशान बने हुए हैं। ससुरालीजन घर से फरार है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने हत्यारोपी पति को भेजा जेल
पुलिस ने  पिता जगदीश की तहरीर पर पति मेघश्याम उपाध्याय उर्फ निशु पंड़ित, मनीष उपाध्याय, यशवंत उपाध्याय, योगेश उपाध्याय पुत्र प्रेम उपाध्याय, पीयूष पुत्र योगेश, आशा पत्नी योगेश के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास शुरू कर दिया। सोमवार को पुलिस ने हत्यारोपी पति निशु पंडित को पकड़ लिया। प्रभारी निरीक्षक अछनेरा अनुराग शर्मा ने बताया है कि दहेज हत्या के आरोपी प​ति को जेल भेजा गया है। पुलिस अन्य आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।

सपा का नेता है हत्यारोपी पति
प्राप्त जानकारी के अनुसार हत्यारोपी मेघश्याम उपाध्याय उर्फ निशु पंडित समाजवादी पार्टी का नेता है। वह सपा का  जिला उपाध्यक्ष रहा है। निशु पंडित सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष का रिश्तेदार है। रिश्तेदारी का फायदा उठ़ाकर ही वह सपा का ​जिला उपाध्यक्ष बना था।