राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज वैष्णो देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की और त्रिकुटा पहाड़ियों के ऊपर स्थित मंदिर में एक ‘स्काईवॉक’ और पुनर्निर्मित पार्वती भवन का उद्घाटन किया। जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचीं राष्ट्रपति के साथ उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी मंदिर गये। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अंशुल गर्ग ने मुर्मू को परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी।
श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाएगा स्काईवॉक
अधिकारियों ने बताया कि 200 मीटर का स्काईवॉक श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाएगा। स्काईवॉक बनने के बाद भवन तक जाने और दर्शन के बाद लौटने वालों के लिए रास्ता अलग-अलग हो गया है। इस परियोजना पर 9.89 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। स्काई वॉक को मार्ग से 20 फुट की ऊंचाई पर बनाया गया है। इससे मनोकामना भवन और गेट नंबर-3 के बीच भीड़ को बेकाबू होने से बचाने में मदद मिलेगी। इसी जगह वर्ष 2022 में नववर्ष के दिन भगदड़ मच गई थी, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 16 घायल हो गए थे।
पार्वती भवन में तीर्थ यात्रियों के लिए निशुल्क सुविधा
पार्वती भवन को लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से पुन: निर्मित किया गया है और यहां तीर्थयात्रियों के लिए निशुल्क सुविधा रहेगी। इसे स्काईवॉक से जोड़ा गया है ताकि तीर्थयात्री अपना सामान जमा करने के बाद सीधे मंदिर की ओर जा सकें। अधिकारियों ने बताया कि इसमें 1,500 लॉकर की सुविधा है, जिससे प्रतिदिन 10 से 15 हजार श्रद्धालुओं को इसका फायदा होगा।
- जाम के झाम से परेशान आगरा का रावतपाड़ा बाजार, रेंग रेंग कर आंगे बढ़ रहे पैदल राहगीर - October 31, 2026
- संजय प्लेस में पार्किंग बनी ‘ओपन बार’ की खबर का बड़ा असर: एक्शन में आई आगरा पुलिस, शराबियों पर सख्ती से व्यापारियों में खुशी - October 31, 2026
- ताजनगरी में ‘अमृतम् परिवार’ का भव्य दीपावली उत्सव: गरबा-डांडिया की धुनों पर थिरके कदम, आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमान - October 31, 2026