SP singh baghel agra

केन्द्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल की पहल पर 16 सितम्बर को Agra में अंगदान महाशिविर, PM और CM जुड़ेंगे, 70 लोग करेंगे देहदान, आप भी करें, आधार कार्ड और मोबाइल नम्बर साथ लाएं, आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे, दो घोषणाएं

HEALTH

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया और नेशनल ऑर्गन एंड टिशू ट्रांसप्लांट आर्गेनाइजेशन (NOTTO) के अधिकारी आ रहे

महाशिविर में वर्चुअल और वीडियो संदेश से जुड़ेंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

वर्ल्ड ऑर्गन डोनेशन डे पर 13 अगस्त को केंद्रीय मंत्री बघेल अपने 07 अंगों को दान कर चुके, उनके परिजनों ने भी किया है अंगदान

वरिष्ठ भाजपा नेता दिगम्बर सिंह धाकरे की चार पीढ़ियां करेंगी अंगदान, भारी उत्साह, हजारों लोग भाग लेंगे कार्यक्रम में

प्रोफेसर बघेल ने कहा- मैं मंत्री या सांसद रहूं या न रहूं हर साल होगा अंगदान शिविर, अंगदानी को हेलीकॉप्टर से भी ले जाएंगे

Live Story Time

Agra, Uttar Pradesh, Bharat, India. केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल की पहल पर 16 सितम्बर, 2023 को अंगदान महाशिविर आयोजित किया जा रहा है। इसमें हजारों लोग अंगदान करेंगे। साथ ही 70 लोग देहदान करेंगे। यह अपने आप में विश्व कीर्तिमान है। एक साथ इतने लोगों ने आज तक देश में कहीं भी अंगदान और देहदान नहीं किया है। महाशिविर में आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे। इस महाशिविर में भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्चुअली जुड़ेंगे। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया और नेशनल ऑर्गन एंड टिशू ट्रांसप्लांट आर्गेनाइजेशन (NOTTO) के अधिकारी, उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव आदि प्रत्यक्ष मौजूद रहेंगे। स्थान है-  जीआईसी मैदान, आगरा। समय है पूर्वाह्न 10 बजे से।

यह जानकारी केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने विकास भवन में पत्रकारों को दी। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति मरणोपरांत आठ लोगों को जीवन दे सकता है। अंगदान से बड़ा कोई दान नहीं हो सकता। उन्होंने आह्वान किया कि सभी लोग 16 सितम्बर को प्रातः 10 बजे से लेकर दो बजे के मध्य जीआईसी मैदान पर आएं और इस मुहिम का हिस्सा बनें।

उन्होंने बताया कि अंगदान शपथ महाशिविर में अब तक 70 लोगों ने अपनी देहदान करने हेतु संकल्प पत्र दिया है। शिविर में देह-दानियों के लिए अलग दीर्घा बनाया गया है। देहदानियों व सर्वाधिक बार रक्तदान करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। देहदानियों की दीर्घा में अन्य लोग न बैठें। उन्होंने सभी से अंगदान शपथ महा शिविर में कोई एक अंग दान करने की शपथ लेने का आह्वान किया।

प्रो. बघेल ने बताया कि अंगदान शपथ महाशिविर में समाजसेवी एवं भाजपा नेता दिगंबर सिंह धाकरे के पिता श्री बहादुर सिंह धाकरे पूर्व प्रधान सिकंदरपुर सैंया 90 वर्ष की उम्र में १८ वर्ष से अधिक के अपने 36 परिजनों के साथ विशाल अंगदान शिविर में अपने अंगदान करने की शपथ लेंगेय़ श्री बहादुर सिंह धाकरे ने अपने सभी परिजनों से बात कर यह निर्णय लिया। उनके परिवार में जो ऐसे बच्चे हैं जिनकी उम्र अभी १८ वर्ष से कम है उनको भी प्रेरित किया कि जब वे अठारह के हो जाऐं तो अपने अंगदान करने के लिए पंजीकरण अवश्य कराएं। इन परिजनों में उनके सुपुत्र दिगंबर सिंह ,धाकरे पुत्रवधू नीलू धाकरे, दूसरे पुत्र व पुत्रवधु, तीनों बेटियां, दामाद, पौत्र, प्रपौत्र, पौत्री, प्रपौत्री एवं उनके जीवन साथी भी शामिल हैं।

SP singh baghel MP agra
पत्रकार वार्ता में बाएं से  भानु महाजन, प्रो, एसपी सिंह बघेल, ए मनिकंडन, दिगम्बर सिंह धाकरे।

केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि मनुष्य के कई सारे अंगों का दान किया जा सकता है। यह सिर्फ हृदय, लिवर और गुर्दे का दान नहीं होता। पैंक्रियाज, फेंफड़े, छोटी और बड़ी आंत, त्वचा, हड्डी, हार्ट वाल्व और टेंडन जैसे टीश्यूज को भी दान कर सकते हैं। दान किया हुआ यह अंग किसी दूसरे व्यक्ति के शरीर में प्रत्यारोपित किया जाता है। अंगदान के मामलों को राष्ट्रीय अंग और ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (NOTTO) देखता है। नोटो के पदाधिकारी सहित एम्स के डायरेक्टर तथा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी भी शिविर में मौजूद रहेंगे। मंत्री ने जल्द ही एस एन मेडिकल कॉलेज आगरा में अंग प्रत्यारोपण हेतु सुविधाओं को प्रदान किए जाने की बात कही।

प्रोफेसर बघेल ने बताया कि आयुष्मान भारत- प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड धारक परिवार को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है। 16 सितंबर को शिविर में विशेष अभियान में पात्र आयुष्मान कार्ड विहीन परिवारों को निःशुल्क आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। सामाजिक आर्थिक जातिगत जनगणना-2011 में चिन्हित व्यक्ति, मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान और उत्तर प्रदेश भवन निर्माण एवं सन्निर्माण योजनान्तर्गत पंजीकृत पात्र, श्रमिक कार्ड धारक, उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थी, अंत्योदय कार्ड धारक, एपीएल कार्ड धारक जिनके घर में 6 या 6 से अधिक व्यक्ति है उनके शत-प्रतिशत निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाये जाएंगे।

लाइव स्टोरी टाइम के संपादक डॉ. भानु प्रताप सिंह द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या केन्द्रीय मंत्रिमंडल से भी अंगदान की अपील करेंगे, उन्होंने कहा कि देश के सभी सांसदों को अंगदान के लिए पत्र भेज रहे हैं। हमारे सांसद ही मंत्री हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अंगदान के लिए किसी का पार्थिव शरीर दिल्ली ले जाया जाता है तो ग्रीन कॉरीडोर बना दिया जाता है, मतलब मार्ग पर अन्य लोग किनारे खड़े रहते हैं। उन्होंने यह भी काह कि जरूरत पड़ी तो हेलीकॉप्टर से भी दिल्ली ले जाएंगे। इस बार में उनकी बात हो चुकी है। मंत्री ने घोषणा की कि वे मंत्री रहें या न रहें, सांसद रहें या न रहें, हर वर्ष अंगदान महाशिविर आयोजित करेंगे।

यह ऋषि दधीच, कर्ण, राजा शिबि की धरती है। मानवता के कल्याण हेतु यहां अंगदान और देहदान की परंपरा रही है। आगरा दानवीरों की धरती है। यहां सबसे ज्यादा डोनेशन और परोपकार के काम होते हैं। कार्यक्रम में अंग दान और देहदान की शपथ लेकर नजीर स्थापित करें। आगरा की धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, स्वयंसेवी संस्थाएं तथा आमजन अंगदान शपथ कार्यक्रम में बढ़ चढ़ कर भाग लें। अंगदान करने वालों का उत्साहवर्धन करें।

bhanu mahajan
भाजपा का पुनः महानगर अध्यक्ष बनने पर भानु महाजन का स्वागत केन्द्रीयम मंत्री ने किया

इससे पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने भारतीय जनता पार्टी के पुनः महानगर अध्यक्ष बनने पर भानु महाजन का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्हें पुष्पगुच्छ भी भेंट किया। वार्ता के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ए मणिकंडन, पार्षद गौरव शर्मा, श्री दिगंबर सिंह धाकरे, श्री नवीन गौतम, श्री रोहित कत्याल आदि मौजूद रहे।

SP singh baghel minister
भानु महाजन को मिठाई खिलाते प्रो. एसपी सिंह बघेल
Dr. Bhanu Pratap Singh