alka singh agra

जिद की पक्की रंगकर्मी अलका सिंह फिर मैदान में, 8वें अंतर्राष्ट्रीय ताज रंग महोत्सव की तारीखों का ऐलान, देश-विदेश के 150 कलाकार आ रहे

ENTERTAINMENT INTERNATIONAL

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का जुबली हॉल में 22, 23, 24 सितम्बर को रहेगी सांस्कृतिक छटा

देश-विदेश के सांस्कृतिक दूत आ रहे, आगरावासी सपरिवार देखने आएं, कलाकारों को उत्साह बढ़ाएं

महोत्सव में बांग्लादेश, नेपाल, सर्बिया, श्रीलंका, आस्ट्रेलिया, कनाडा, मलेशिया, मिस्र के कलाकार आ चुके हैं

डॉ. भानु प्रताप सिंह

Live Story Time

Agra, Uttar Pradesh, Bharat, India. जिद की पक्की रंगकर्मी अलका सिंह फिर मैदान में हैं। वे ताजमहल के शहर को रंगकर्म में प्रसिद्धि दिलाने के लिए साल दर साल स्वयं को खपा रही हैं। लाख तूफां आए लेकिन उनका हौसला कम नहीं हो रहा है। कई लोग उनकी एक टांग खींचते हैं, फिर भी वे रुकती नहीं हैं। उनकी सदेच्छा है कि आगरा का नाम ताजमहल के साथ-साथ रंगकर्म में भी हो, जैसा कभी हुआ करता था। इसी निमित्त आठवां अंतरराष्ट्रीय ताज रंग महोत्सव लेकर आ रही हैं। तारीख है- 22, 23, 24 सितम्बर, 2023। स्थान है- डॉ. भीमराव आंबडेकर विश्वविद्यालय का पालीवाल पार्क स्थित जुबली हॉल। 7वां महोत्सव भी यहीं बड़ी शान के साथ हुआ था।

नटरांजलि थिएयर आर्ट्स (एनटीए आगरा) की निदेशक अलका सिंह ने तो अपना काम कर दिया है। देखना है कि आगरा शहर वाले क्या करते हैं। उनकी अपेक्षा तो इतनी मात्र है कि लोग सपरिवार कलाकारों का नाट्यकर्म देखने आएं। देश-विदेश के कलाकारों का उत्साहवर्धन करें। कलाकारों की कला का सम्मान करें। वे कहती हैं- यह सिर्फ नृत्य और नाटक की प्रस्तुति का मंच नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक संबंधों का आदान-प्रदान है। ये कलाकार सांस्कृतिक दूत होते हैं। अपने साथ अपने देश और प्रदेश की संस्कृति लेकर आते हैं। इसलिए हमारा दायित्व है कि हम भी सांस्कृतिक दूत की तरह व्यवहार करें।

alka singh
नटराज पूजन करते सुरेश चंद गर्ग, डॉ. आनंद टाइटलर, रोहित कत्याल, अलका सिंह, क्षमा जैन सक्सेना आदि।

अलका सिंह कहती हैं- ताज रंग महोत्सव के चलते आगरा में तीन दि तक लघु भारत का दृश्य दिखाई देगा। एक ही स्थान पर पूरे देश की सांस्कृतिक झलक देखने का अवसर है। जो देश और विदेश की सांस्कृतिक छटा को देखना चाहते हैं, उनके लिए ही अंतरराष्ट्रीय ताज रंग महोत्सव है। मैंने अपना काम कर दिया है, बाकी काम शहर वालों को करना है।

आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में नटरांजलि थियेटर आर्ट्स (एनटीए, आगरा) द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के सहयोग से 8वां अंतर्राष्ट्रीय ताज रंग महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसमें देश विदेश के लगभग 150 कलाकार प्रतिभाग करेंगे। जुबली हॉल में सर्वकलाओं के देवता नटराज का पूजन किया गया। फिर महोत्सव के पोस्टर का विमोचन डॉ. आनंद टाइटलर, सुरेश चंद गर्ग, क्षमा जैन सक्सैना, मनीषा सिंह, महोत्सव संयोजक अलका सिंह ने किया।

Anterrashtriya taj rang mahotsav
8वें अंतर्राष्ट्रीय ताज रंग महोत्सव के पोस्टर विमोचन में डॉ आनंद टाइटलर के बुलावे पर आगरा विश्वविद्यालय के कई कर्मचारी नेता आए। साथ में आयोजक तो हैं ही।

इस मौके पर महोत्सव संयोजक अलका सिंह ने पत्रकारों को बताया कि विगत 7 वर्षों में ताज नगरी के मंच पर भारत के अलावा बांग्लादेश, नेपाल, सर्बिया, श्रीलंका, आस्ट्रेलिया, कनाडा, मलेशिया, मिस्र के कलाकार अपनी प्रतिभा के रंग बिखर चुके हैं। इसी श्रृंखला में इस बार भी अंतर्राष्ट्रीय कलाकार ताज नगरी में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।

महोत्सव के मुख्य संरक्षक की भूमिका में  रहेंगे आगरा के सुप्रसिद्ध समाजसेवी डॉ. विजय किशोर बंसल। अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे शिक्षाविद नितेश शर्मा, हेमंत भोजवानी, गुरमीत स्वीटी कालरा, देवेन्द्र चौधरी, संजय अरोरा, वैभव जगन गर्ग।

महोत्सव के मार्गदर्शक डॉ आनंद टाइटलर ने बताया कि ‘अतिथि देवो भव:’ की परम्परा पर कलाकारों का सम्मान एवं महोत्सव की शुरुआत 21 सितम्बर को भव्य यमुना आरती के साथ होगी।

रोहित कत्याल ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय कलाकारों की सभी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां 22, 23, 24 सितम्बर को विश्वविद्यालय परिसर (पालीवाल पार्क) स्थित गोल्डन जुबली हॉल में अपराह्न 2 बजे से प्रारम्भ होंगी। आगरा के सभी कलाप्रेमियों को आमंत्रण पत्र के माध्यम से आमंत्रित किया जा रहा है।

इस अवसर पर उपस्थित रहे विजय कपूर, डॉ. निरंजन सिंह, सुमित चौधरी, जीतू, अनिल श्रीवास्तव, भूपेन्द्र सिंह, उदेश सक्सैना, कमल सिंह, अश्विनी, संजीव प्रधान, सोनू, विष्णु, सनी, लालाराम तैनगुरिया, टोनी फास्टर, विनीता जादौन, देवेन्द्र सिंह जादौन की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

 

Dr. Bhanu Pratap Singh