बक्सर (बिहार): बिहार के बक्सर जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा गांव में शादी की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब एक सिरफिरे आशिक ने जयमाला के स्टेज पर खड़ी दुल्हन को सरेआम गोली मार दी। वारदात के बाद बारात में भगदड़ मच गई और दूल्हा व बाराती सन्न रह गए। लहूलुहान दुल्हन को गंभीर हालत में वाराणसी रेफर किया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।
बैंड-बाजे के बीच गूंजी गोली की आवाज
जानकारी के मुताबिक, बलिया (यूपी) से बारात चौसा गांव पहुंची थी। द्वारपूजा के बाद दूल्हा स्टेज पर अपनी भावी जीवनसंगिनी ‘आरती’ का इंतजार कर रहा था। आरती जैसे ही अपनी सहेलियों और रिश्तेदारों के साथ मुस्कराते हुए स्टेज पर पहुंची, तभी भीड़ में छिपे हमलावर ने तमंचा निकालकर उस पर फायर कर दिया। गोली लगते ही दुल्हन अचेत होकर गिर पड़ी।
एकतरफा प्यार या रंजिश?
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि हमलावर दुल्हन का पड़ोसी है और उससे एकतरफा प्यार करता था। युवती की शादी कहीं और तय होने से वह आगबबूला था और उसने पहले ही रंजिश पाल रखी थी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की कार्रवाई
मुफस्सिल थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
- फतेहपुर सीकरी बनेगा आगरा का ‘प्रदूषण प्रहरी’: एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन से थमेगी धूल भरी हवाओं की रफ्तार - February 25, 2026
- आगरा के वरिष्ठ साहित्यकार शीलेंद्र कुमार वशिष्ठ को दिल्ली में मिला साहित्य शिरोमणि सम्मान - February 25, 2026
- Agra News: ताज महोत्सव में ‘गोसंस्कृति’ की गूंज, आत्मनिर्भरता और समरसता का आधार बनेगी गौसेवा, ‘गोदान’ फिल्म पर हुआ मंथन - February 25, 2026