पंजाब के मानसा जिले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का आरोपी गैंगस्टर दीपक टीनू मानसा जिले में पुलिस हिरासत से फरार हो गया है। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को इसका खुलासा किया। सूत्रों के मुताबिक टीनू को पकड़ने के लिए तलाश अभियान शुरू किया गया है। शनिवार रात मानसा पुलिस की ओर से एक अन्य मामले में गोइंदवाल साहिब जेल से पेशी वारंट पर उसे एक स्थानीय अदालत ले जाए जाने के दौरान वह फरार हो गया। दीपक टीनू, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी है।
मूसेवाला की हत्या मामले में बिश्नोई प्रमुख आरोपी है। इस घटना के बारे में पूछे जाने पर पटियाला रेंज के महानिरीक्षक (आईजी) मुखविंदर सिंह छिना ने कहा कि पुलिस की टीम प्रयास कर रही है और हम उसे जल्द ही पकड़ लेंगे। छिना के पास वर्तमान में बठिंडा रेंज के आईजी का भी अतिरिक्त प्रभार है।
29 मई को हुई थी मूसेवाला की हत्या
पंजाब के मानसा जिले में 29 मई को मूसेवाला के नाम से मशहूर पंजाबी गायक शुभदीप सिंह सिद्धू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मूसेवाला की हत्या के बाद बिश्नोई गिरोह के सदस्य गोल्डी बराड़ ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी। टीनू उन 24 आरोपियों में शामिल है, जिनके खिलाफ हत्या के इस मामले में आरोप-पत्र दाखिल किया गया है।
मूसेवाला के मर्डर का सौदा 1 करोड़ रुपए में
सिद्धू मूसेवाला की हत्या मामले में बीते दिनों एक सनसनीखेज खुलासा हुआ था। बताया गया कि मूसेवाला के मर्डर का सौदा 1 करोड़ रुपए में हुआ था। इसमें हर शार्प शूटर को 5-5 लाख रुपए मिले थे। बाकी पैसा दूसरे मददगारों को मिला। हत्या से पहले शूटर्स ने इसके लिए पूरी प्लानिंग तैयार कर ली थी। सिद्धू मूसेवाला अपने गानों में वह जिन विदेशी हथियारों और एके-47 का जिक्र करते थे, शूटर्स के लिए उन्हीं हथियारों को मंगवाया गया।
29 मई को हत्या से करीब एक सप्ताह पहले शूटर्स ने पंजाब में मानसा के पास एक फार्महाउस में इसका ट्रायल भी किया था। इसमें इन्होंने हत्या में इस्तेमाल की गई ग्लोक, पी-30, जिगाना और स्टार पिस्तौल के अलावा एके-47 और ग्रेनेड लॉन्चर को चलाकर ये चेक किया था कि ये तमाम हथियार ठीक से चल रहे हैं या नहीं।
- ’नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की असली ताकत’: आगरा कॉलेज में सांसद नवीन जैन ने युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ - September 20, 2026
- ’भए प्रकट कृपाला’ से गूंजा आगरा का कथा पंडाल: मोरारी बापू की रामकथा में धूमधाम से मनाया गया भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव - September 20, 2026
- चुनाव से पहले सियासी घमासान तेज, डिप्टी सीएम केशव मौर्य बोले- अपराधियों को संरक्षण देने वाले सिर्फ सड़कें नापते फिरेंगे - September 20, 2026