गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर एम्स में तैनात नागालैंड की एक रेजिडेंट डॉक्टर के साथ छेड़खानी और नस्लीय टिप्पणी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना ने न केवल महिला सुरक्षा बल्कि पूर्वोत्तर के नागरिकों के प्रति समाज की मानसिकता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब इस मामले में मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने हस्तक्षेप करते हुए उत्तर प्रदेश शासन और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की है।
डेढ़ किलोमीटर तक पीछा और ‘बैड टच’
घटना 22 फरवरी की रात करीब 8 बजे की है। पीड़िता ओरियन मॉल से लौट रही थी, तभी बाइक सवार तीन मनचलों ने उसका पीछा शुरू कर दिया। लगभग डेढ़ किलोमीटर तक वे डॉक्टर पर गंदे कमेंट्स और नस्लीय फब्तियां कसते रहे। हद तो तब हो गई जब एक युवक ने दहशत फैलाने के लिए अपनी शर्ट उतार दी और एम्स के गेट नंबर 2 के पास डॉक्टर को ‘बैड टच’ किया। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
मुख्यमंत्री संगमा का आक्रोश: “यह सिर्फ एक हेडलाइन नहीं”
मेघालय के सीएम कॉनराड संगमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा, “पूर्वोत्तर की महिलाओं के साथ नस्लीय भेदभाव और यौन उत्पीड़न सिर्फ एक हेडलाइन बनकर नहीं रह जाना चाहिए। नागालैंड की बेटी के साथ जो हुआ वह बेहद शर्मनाक है। एक सभ्य देश में महिलाओं की इज्जत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।” उन्होंने अधिकारियों से गुंडों के खिलाफ नजीर पेश करने वाली कार्रवाई की अपील की है।
एक्शन में पुलिस और ‘नाफोर्ड’
नॉर्थ ईस्ट फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर्स (नाफोर्ड) ने इस मामले को मुख्यमंत्री कार्यालय, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर और एम्स डायरेक्टर तक पहुँचाया है। नाफोर्ड के अध्यक्ष डॉ. देवेश दुबे ने स्पष्ट किया है कि वे इस लड़ाई को अंजाम तक ले जाएंगे। फिलहाल, एम्स थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध बाइक की पहचान कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
- शंकराचार्य पर FIR करने वाला प्रेमानंद महाराज को भी बना चुका है निशाना, दिनेश फलाहारी महाराज ने PM मोदी से की CBI जांच की मांग - February 24, 2026
- गोरखपुर एम्स की महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ और नस्लीय टिप्पणी, मेघालय के सीएम संगमा ने यूपी सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग - February 24, 2026
- शंकराचार्य के खिलाफ घिनौनी साजिश बेनकाब: बेटियों को ढाल बनाकर फंसाने का दिया था लालच, पीड़ित ने मठ में खोला राज - February 23, 2026