tiranga yatra

महापौर नवीन जैन ने निकाली ऐसी तिरंगा यात्रा कि हर कोई देखता रह गया, देखें तस्वीरें

POLITICS

भारत माता की जय‘, ‘वंदे मातरमके नारों से गूंजा एमजी रोड

दैनिक जागरण के संपादक ने भी भाग लिया, पुष्पवर्षा की गई

12 अगस्त को भगवान टॉकीज चौराहा से दोपहिया वाहन रैली

डॉ. भानु प्रताप सिंह

Agra, Uttar Pradesh, India. हजारों हाथों में देश की आन बान शान का प्रतीक तिरंगा थामे लोग जब एम जी रोड़ पर एकसाथ कदमताल करते हुए निकले तो ऐसा लगा मानो पूरा शहर आज ही आजादी का दिवस मनाने निकल आया हो। मौका था आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत आगरा नगर निगम द्वारा निकाली गयी तिरंगा पदयात्रा का। महापौर नवीन जैन के नेतृत्व में सेंट जोंस चौराहा से दीवानी चौराहा होते हुए नगर निगम प्रांगण तक यह यात्रा निकाली गयी। यात्रा में पूर्व राज्यमंत्री एवं विधायक डॉ. जी एस धर्मेश, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।

देशभक्ति गीतों की धूम के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल सभी लोगों में एक अलग ही जोश दिखाई दे रहा था। तिरंगा यात्रा में तमाम जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी, पार्षदों और उनके साथ आये समर्थकों का समूह, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग, एनसीसी कैडेट्स और प्रबुद्धजनों के अलावा सैकड़ों की संख्या में ऐसे युवा भी शामिल हुए जिनमें तिरंगा और अपने देश के प्रति सम्मान की भावना थी।

तिरंगा यात्रा में शामिल सभी लोग जोर-शोर से देश भक्ति के नारे लगा रहे थे। पूरा एमजी रोड़ ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ के नारों से गूंज रहा था। जगह-जगह तिरंगा यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से आगरा शहर को पीएम मोदी और सीएम योगी की प्रेरणा से 13 अगस्त से शुरू होने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति भी जागरूक किया गया।

tiranga yatra
आगरा के एमजी रोड पर तिरंगा यात्रा

नगर निगम प्रांगण में तिरंगा यात्रा के पहुंचने के बाद महापौर नवीन जैन द्वारा मंचस्थ सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत सम्मान किया गया। इसके बाद उद्बोधन कार्यक्रम शुरू हुआ। उद्बोधन देते हुए महापौर नवीन जैन ने तिरंगा यात्रा में शामिल हुए सभी लोगों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत इस तिरंगा पदयात्रा का आयोजन किया गया। वास्तव में मोदी सरकार में सही मायने में देश की आजादी का जश्न मना रहे हैं और इस देश को आजाद होने में अपना योगदान देने वाले सभी महापुरुषों और वीर जवानों को सच्ची श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

महापौर नवीन जैन ने कहा कि हमें आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान को तो सफल बनाना ही है लेकिन साथ ही इस समाज, शहर और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन भी करना है। महापौर ने कहा कि हम अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाकर, वृक्षारोपण करके, अतिक्रमण न करते हुए और यातायात के नियमों का पालन करते हुए भी राष्ट्र धर्म निभा सकते हैं। हमारी सेना अपनी जान की परवाह न करते हुए देश की सीमा की सुरक्षा कर रही है लेकिन अपने देश, प्रदेश और शहर के अंदर रहकर हम किस तरह से समाज व राष्ट्र की सेवा कर सकते हैं इसे हमें ध्यान रखना चाहिए।

विधायक डॉ. जी एस धर्मेश ने कहा कि जिन लोगों ने भी आजादी के लिए अपना बलिदान दिया आज उन्हें भी याद करने का दिन है। पीएम मोदी ने यह प्रेरणा दी है कि हर घर तिरंगा के अभियान से प्रत्येक देशवासी के मन में राष्ट्र भक्ति की भावना प्रेरित हो। इसी के लिए शहरवासियों को जागरूक करने के उद्देश्य से इस तिरंगा पदयात्रा का आयोजन किया गया है।

tiranga yatra agra
तिरंगा यात्रा का फोटो खींचते मीडिया के छायाकार बंधु

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि ये देशभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान ही है जो आज महापौर नवीन जैन के नेतृत्व में इतनी लंबी और विशाल पदयात्रा निकली। ये हमारी राष्ट्र भावना को प्रकट करता है। पहले आमजन को तिरंगा फहराने का अधिकार नहीं था। मोदी जी के आने के बाद आम जन को यह अधिकार मिला है। हम इस आजादी के महोत्सव को धूमधाम से मनाए साथ कर्तव्य भी निभाएं। महापुरुषों की प्रतिमा को स्वच्छ रखें। यह हम सभी की जिम्मेदारी कि अपने आस पास क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ियों में घर – घर तिरंगा लगवाएं।

महानगर अध्यक्ष भानु महाजन ने कहा कि पीएम मोदी न सिर्फ देश के प्रधानमंत्री बल्कि पूरे विश्व के नेता हैं। आज उन्हीं के प्रेरणा से हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। इसी के अंतर्गत महापौर नवीन जैन के नेतृत्व में यह विशाल तिरंगा पदयात्रा निकाली गयी। कल शुक्रवार को बाइक रैली निकाली जाएगी। इन सभी कार्यक्रमों का एक ही उद्देश्य है कि प्रत्येक घर में तिरंगा लहराए और देश को आजादी दिलाने में जो संघर्ष रहा, जिन लोगों ने अपना बलिदान दिया उन्हें भी हम याद करें।

कार्यक्रम के अंत में महापौर नवीन जैन सभी शहर वासियों से यह अपील की कि आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत 12 अगस्त को प्रातः 8:30 बजे भगवान टॉकीज चौराहा से दो पहिया वाहन रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में भी ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल होकर आजादी के जश्न में शामिल हों।

कार्यक्रम में महानगर महामंत्री यादवेंद्र शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ डीवी शर्मा, दैनिक जागरण के संपादक उमेश शुक्ला, अनिल चौधरी, भोज कुमार शर्मा, ब्रज किशोर अग्रवाल, पार्षद मोहन सिंह लोधी, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, पार्षद राकेश जैन, पार्षद अमित अग्रवाल, पार्षद सविता अग्रवाल, पार्षद हरि कुमारी, पार्षद जगदीश पचौरी, पार्षद जितेंद्र सिंह, पार्षद अनुराग चतुर्वेदी, पार्षद शरद चौहान, पार्षद आशीष पाराशर, पार्षद अमित दिवाकर, पार्षद संजय राय, पार्षद रवि शर्मा, पार्षद सुषमा जैन, पार्षद जे डी शर्मा, पार्षद श्रवण कश्यप, पार्षद मंजुला सिंह, अनिल सारस्वत, रवि सारस्वत, पवन भदोरिया, गोविंद पाराशर, व्यापारी नेता टी एन अग्रवाल, शैलू पंडित, अंकित कक्कड़, नागेश शर्मा, पंकज अग्रवाल, अनिरुद्ध भदौरिया, प्रवीन जैन, गौरव जैन, दीपिका मित्तल सीए, दीपक माहेश्वरी सीए, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, जितेंद्र सविता, रघु पंडित, मुकेश सोलंकी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रीनेश मित्तल ने किया।

 

Dr. Bhanu Pratap Singh