आगरा: ताजनगरी में विजयादशमी के पावन अवसर पर धार्मिक उल्लास और भक्तिमय माहौल के बीच भव्य दशहरा शोभायात्रा निकाली गई। लोहामंडी के जटपुरा स्थित अति प्राचीन श्रीरामचंद्र जी महाराज मंदिर से प्रारंभ हुई इस शोभायात्रा में करीब 36 मनमोहक झांकियों को शामिल किया गया था। शोभायात्रा के पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया, जिससे लोहामंडी से लेकर सेंट जोंस चौराहे तक का पूरा क्षेत्र “जय श्रीराम” और “वीर बजरंगी” के जयघोषों से गुंजायमान हो उठा।
राम-रावण के सजीव युद्ध ने मोहा मन
शोभायात्रा में सबसे प्रमुख आकर्षण राम-रावण युद्ध का सजीव चित्रण रहा। हाथों में सोटा लिए उछल-कूद करती वानर सेना के सदस्य राक्षसों को चकमा देते नजर आए, वहीं उनके पीछे भव्य रथ पर प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण विराजमान थे। सामने राक्षसी सेना के साथ रथ पर सवार रावण के स्वरूप के बीच हुए युद्ध का सजीव दृश्य देखकर सड़क के दोनों ओर खड़े हजारों श्रद्धालु रोमांचित हो उठे।
शोभायात्रा की शुरुआत सबसे पहले विघ्नविनाशक श्रीगणेश की झांकी से हुई, जिसके बाद मां चामुंडा, श्रीबांके बिहारी, शिव-पार्वती, राम दरबार, मां लक्ष्मी और मां काली के रौद्र स्वरूप की दिव्य झांकियों ने लोगों को अभिभूत कर दिया।
इस्कॉन के संकीर्तन पर झूमे श्रद्धालु
इस्कॉन मंदिर की ओर से प्रस्तुत हरे राम-हरे कृष्ण संकीर्तन शोभायात्रा का एक अन्य मुख्य आकर्षण रहा। भक्तिमय धुनों पर श्रद्धालु झूमते और नृत्य करते हुए आगे बढ़े। शोभायात्रा न्यूराजामंडी, तोता का ताल, लोहामंडी बाजार और सेंट जोंस चौराहे से होते हुए खातीपाड़ा स्थित कान्हा पटेली पहुँचकर संपन्न हुई।
आयोजन में प्रमुख गणमान्य रहे मौजूद
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में कार्यकारी अध्यक्ष हर्षित पाठक, महामंत्री मोनी पारिक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष त्रिभुवन कठेरिया, सर्वव्यवस्था प्रमुख रामदास कटारा, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, भक्त वत्सल बंसल, पुष्पेंद्र चौधरी, दीपक चौधरी, शुभम चौधरी, दिनेश यादव और विनोद लोधी सहित कई प्रमुख पदाधिकारियों की अहम भूमिका रही।
इसके अलावा संरक्षक मंडल से अरविंद स्वरूप दास, विपिन चौधरी, श्यामानंद लोधी, बी.पी. श्रीवास्तव, राकेश लोधी, कमल राजपूत, शैलेंद्र चौधरी, लक्ष्मी नारायण कठेरिया और मुकेश कुमार एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
- आजम खान को लेकर अखिलेश यादव का छलका दर्द: बोले– ‘मुसलसल नाइंसाफी का सामना कर रहे हैं वरिष्ठ नेता’ - November 16, 2026
- “जनगणना 2027 तय करेगी यूपी के समग्र विकास की दिशा”, CM योगी ने लोकभवन से किया अभियान का शुभारंभ - November 16, 2026
- अपनी कहानी अपने शब्दों में कहना जरूरी था… सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ का विमोचन; परिवार के बारे में फैले भ्रामक प्रचार पर रखी अपनी बात - November 16, 2026