दयालुता ही सच्ची सेवा… डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रामनारायण वर्मा ने घोषित की लायंस डिस्ट्रिक्ट 321-सी2 की नई रूपरेखा

PRESS RELEASE

डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रामनारायण वर्मा ने वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना की घोषणा की, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और मानवीय सेवा को बनाया प्राथमिकता

आगरा। लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321-सी2 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रामनारायण वर्मा ने वर्ष 2026-27 के मंडलाध्यक्षीय कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि इस वर्ष का उद्देश्य केवल सेवा कार्यों का विस्तार करना नहीं, बल्कि प्रत्येक सेवा कार्य में दयालुता, करुणा और संवेदनशीलता का समावेश कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।

वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजित आवश्यक बैठक में उन्होंने आगामी सत्र के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2026-27 का ध्येय वाक्य “दयालुता के साथ सेवा” तथा विषय “दयालुता को कर्म में बदलना” रखा गया है। इसके माध्यम से प्रत्येक लायन सदस्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश पहुंचाएगा।

रामनारायण वर्मा ने कहा कि इस वर्ष ऐसा सेवा-भावी एवं संवेदनशील मंडल तैयार किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक लायन सहानुभूति के साथ नेतृत्व करेगा, प्रेमपूर्वक सेवा करेगा तथा प्रत्येक समुदाय में दयालुता की भावना का विस्तार करेगा। मंडल का लक्ष्य छोटे-बड़े सभी सेवा कार्यों के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना तथा पूरे मंडल में दयालुता की एक मजबूत श्रृंखला स्थापित करना है।

आठ प्रमुख सेवा क्षेत्रों पर होगा विशेष कार्य

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए मंडल ने आठ प्रमुख कार्यक्षेत्र निर्धारित किए हैं। इनमें दयालु नेतृत्व का विकास, महिला सशक्तिकरण और जरूरतमंदों की सहायता, दृष्टि संरक्षण, भूख उन्मूलन, मधुमेह नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण, बाल कैंसर और मानवीय सेवा से जुड़ी परियोजनाएं, एलसीआईएफ इंडिया के लिए निधि संग्रह, लियो क्लब, लायंस क्वेस्ट, पीस पोस्टर प्रतियोगिता और युवा नेतृत्व विकास, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, मधुमेह, बाल कैंसर एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, वरिष्ठ लायन साथियों द्वारा नए पदाधिकारियों का मार्गदर्शन, मूक प्राणियों के भोजन, आश्रय एवं टीकाकरण अभियान तथा विद्यार्थियों के लिए पुस्तक वितरण, शैक्षणिक सहयोग एवं डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देना शामिल हैं।

हर तिमाही में मनाया जाएगा ‘दयालुता सप्ताह’

डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने बताया कि पूरे वर्ष प्रत्येक तिमाही में दयालुता सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। वहीं दयालुता श्रृंखला परियोजना के अंतर्गत प्रत्येक लायंस क्लब दूसरे क्लब को सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करेगा। उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं क्लबों को दयालुता सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।

स्वास्थ्य सेवा बनेगी सबसे बड़ी प्राथमिकता

रामनारायण वर्मा ने कहा कि डिस्ट्रिक्ट 321-सी2 आगामी वर्ष में विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में गंभीरता के साथ कार्य करेगा। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, मधुमेह जागरूकता, नेत्र चिकित्सा, बाल कैंसर एवं मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर व्यापक अभियान चलाकर समाज के अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सेवा, नेतृत्व और मानवीय मूल्यों के समन्वय से यह सत्र समाज में नई मिसाल स्थापित करेगा।

उन्होंने सभी सदस्यों का आह्वान करते हुए कहा कि सेवा को केवल कार्यक्रम न मानकर अपने जीवन का संस्कार बनाएं। यदि प्रत्येक सदस्य दयालुता के साथ सेवा करेगा तो निश्चित रूप से डिस्ट्रिक्ट 321-सी2 समाज में सकारात्मक परिवर्तन का अग्रदूत बनेगा। उन्होंने कहा, “जहाँ दयालुता है, वहाँ सेवा है और जहाँ सेवा है, वहीं सच्चा लायनवाद है।”

बैठक में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रथम अजय भार्गव, मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर योगेश बंसल, रीजन चेयरपर्सन अनिल गणपति आदि उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh