mera agra app

Mera Agra App में ऐसी गलतियां कि माथा पीट लेंगे, पत्रकार डॉ. भानु प्रताप सिंह का मोबाइल नम्बर 9412652233 को मंत्री का नम्बर लिखा, केन्द्रीय राज्यमंत्री का विभाग और UP Police का नम्बर गलत, दो शिव मंदिर गायब कर दिए, हिंदी की तो रेड़ ही मार दी है

EXCLUSIVE

विजय शिवहरे, डॉ. धर्मपाल सिंह, चौ. बाबूलाल के बारे में त्रुटिपूर्ण जानकारी

ताजमहल में सार्क और बिम्सटेक देशों के नागरिकों के प्रवेश शुल्क पर मौन

पुलिस थानों की सूची में कई थाने गायब, किसी का भी संपर्क नम्बर नहीं लिखा

पार्षदों का मोबाइल नम्बर तो है लेकिन उनके वार्ड के बारे में जानकारी शून्य

भाषा हिंदी करने के बाद भी कई खंड सिर्फ आंग्ल भाषा में ही सूचना दे रहे

Dr Bhanu Pratap Singh

Live Story Time

Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat. आगरा शहर के बार में महत्वपूर्ण जानकारी देने वाला मेरा आगरा ऐप बड़ी ही धूमधाम के साथ अवतरित किया गया है। इस एप्लीकेशन में ढेर सारी बहुत अच्छी सूचनाएं हैं तो ढेर सारी गलत जानकारियां भी हैं। ऐसी गलत जानकारियों कि दिमाग घूम जाए। जैसे यूपी पुलिस का नम्बर गलत दिया गया है। हिंदी भाषा की तो रेड़ मार दी है। ऐसी हिंदी लिखी है कि हँसी आती है। मेरा आगरा ऐप को हिंदी में करने पर भी बहुत सारे खंडों में अंग्रेजी भाषा ही आ रही है। हद तो यह है कि उत्तर प्रदेश के कारागार एवं होमगार्ड राज्य मंत्री डॉ. धर्मवीर प्रजापति के मोबाइल नम्बर के स्थान पर पत्रकार डॉ. भानु प्रताप सिंह का नम्बर 9412652233 लिखा है। ऐप से पता नहीं चल रहा है कि आगरा का सांसद कौन है, राजकुमार चाहर या प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल। इसके साथ ही केन्द्रीय राज्यंमत्री प्रोफेसर बघेल का मंत्रालय गलत लिखा हुआ है। ताजमहल में बिम्सटेक और सार्क देशों के नागरिकों के प्रवेश शुल्क के बारे में मेरा आगरा ऐप मौन है। पुलिस थानों की सूची में कई थानों का उल्लेख नहीं है। किसी भी थाने का मोबाइल नम्बर नहीं दिया है। पार्षदों के वार्ड नम्बर नहीं लिखे हैं। मेरा आगरा ऐप का शुभारंभ महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, मंडलायुक्त ऋतु माहेश्वरी, जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी, एडीए उपाध्यक्ष चर्चित गौड़, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने धूमधाम के साथ किया था।

बड़ी त्रुटियां

यूपी पुलिस का नम्बर 100 चार वर्ष पर्व बंद हो चुका है। यूपी पुलिस का नम्बर 112 है। मेर आगरा ऐप में यूपी पुलिस का नम्बर 100 दर्ज है।

हिंदी करने के बाद भी आगरा के बारे में और आगरा का इतिहास समेत कई खंड अंग्रेजी में ही हैं।

खबरें (स्रोत गूगल द्वारा) क्लिकेबल नहीं है।

यूपी एम्बुलेंस सेवा का नम्बर 108 दिया है। 102 से भी एम्बुलेंस सेवा जा सकती है।

 

सांसद और विधायक खंड में त्रुटियां

फतेहपुर सीकरी से विधायक चौ. बाबूलाल के स्थान पर न जाने किसका फोटो चिपका रखा है।

एमएलसी विजय शिवहरे का मोबाइल नम्बर नहीं है। स्थिर नम्बर 0562246545 दिया गया है। इसे मिलाओ तो आवाज आती है- आपका द्वारा डायल किया गया नम्बर अमान्य है। कृपया नम्बर की जांच कर लें। उनके नाम के विवरण में एमएलसी (आगरा-फ्रिजाबाद) लिखा है जबकि यह आगरा-फिरोजाबाद स्थानीय निकाय क्षेत्र होना चाहिए।

विधायक छोटेलाल वर्मा के विवरण में विधायक फतेहबाद लिखा है। यह फतेहाबाद होना चाहिए।

राजकुमार चाहर फतेहपुर सीकरी से सांसद हैं, लेकिन मेरा आगरा ऐप में इसका उल्लेख नहीं है।

प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल आगरा से सांसद हैं, लेकिन ऐप में इसका उल्लेख नहीं है। प्रोफेसर बघेल को केन्द्रीय राज्यमंत्री कानून और न्याय मंत्रालय बताया गया है जबकि वे केन्द्रीय राज्यमंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण हैं।

डॉ. धर्मपाल सिंह के बारे में नहीं लिखा गया है कि वे कहां से विधायक हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि वे एत्मादपुर से विधायक हैं।

कारागार एवं होमगार्ड राज्यमंत्री डॉ. धर्मवीर प्रजापति का मोबाइल नम्बर 9412652233 लिखा है, जबकि यह पत्रकार डॉ. भानु प्रताप सिंह का नम्बर है। धर्मवीर प्रजापति का नम्बर 9411956655 है।

पार्षद खंड में त्रुटियां

नगर निगम आगरा में 100 पार्षद हैं लेकिन 99 के मोबाइल नम्बर दिए हैं। पिंकी नामक पार्षद का मोबाइल नम्बर नहीं है। पार्षदों की पहचान उनके वार्ड से होती है और किसी भी पार्षद के नाम के साथ वार्ड का उल्लेख नहीं है।

 

विरासत स्मारक खंड में त्रुटियां

सिर्फ 8 स्मारकों के बारे में जानकारी दी गई है।

ताजमहल में सार्क और बिम्सटेक देशों के नागरिकों का टिकट 540 रुपये है, जिसका कोई उल्लेख नहीं है। सिर्फ भारतीय और विदेशी पर्यटकों के प्रवेश शुल्क का विवरण दिया गया है। साथ ही आगरा किला में 90 रुपये, फतेहपुर सीकरी में 50 रुपये, अकबर का मकबरा और एत्माद-उद्-दौला में 40 रुपये, मेहताब बाग, रामबाग और मरियम टॉम्ब में 25-25 रुपये प्रवेश शुल्क है। भारतीय पर्यटकों का प्रवेश शुल्क यूं तो 50 रुपये है लेकिन ताजमहल का मुख्य गुंबद देखने के लिए 200 रुपये अतिरिक्त देने होते हैं।

 

धार्मिक खंड में त्रुटियां

इस खंड में रकाबगंज के साईं मंदिर, गुरुद्वारा गुरु का ताल, बल्केश्वर महादेव, कैलाश मंदिर, श्री मनकामेश्वर मंदिर, रावली महाराज मंदिर, जामा मस्जिद, दयालबाग, खाटू श्याम मंदिर, बटेश्वर मंदिर, मथुरा और वृंदावन का उल्लेख है। सभी विवरण अंग्रेजी में है। सब जानते हैं कि आगरा के पांच शिव मंदिर प्रसिद्ध हैं, लेकिन इसमें तीन ही दिए हैं। पृथ्वीनाथ मंदिर और राजेश्वर मंदिर का कोई उल्लेख नहीं है। साथ ही जैन दादाबाड़ी (शाहगंज) जैन समाज का तीर्थस्थल है। इसमें 24 जिनालय दर्शनीय है। इसका भी विवरण नहीं दिया गया है। कमलानगर के इस्कॉन मंदिर के बारे में भी कोई जानकारी नहीं है।

केवलादेव नेशनल पार्क कहां है, इसका कोई विवरण नहीं है। लगता है जैसे यह आगरा में ही है लेकिन यह राजस्थान के भरतपुर जिले में है। सभी विवरण अंग्रेजी में हैं।

 

पुलिस थाना

पुलिस थानों का पता दिया गया है लेकिन किसी का भी मोबाइल नम्बर नहीं है जबकि प्रत्येक थानेदार के पास सराकरी फोन रहता है। हिंदी की तो ऐसी-तैसी कर रखी है। थाना हरीपर्वत को हरिपरवाट, एत्माद-उद-दौला को एटमदुल्लाह, एत्मादपुर को एटमदपुर, कागारौल को कगरोल, खंदौली को खंडोली, सैंया को साईयां, अछनेरा को अचेनेरा, शमसाबाद को शमशबाद, जैतपुर को जेटपुर,  खेरागढ़ को खेरगढ़, मलपुरा को मालपुरा, बरहन को बरहान, निबोहरा को निबोहारा, जगनेर को जगनर, बसई जगनेर को बसई जगनर, खेरागढ़ को खेथोर, इरादतनगर को इराडटनगर लिखा है। सर्चिंग में थाना पर्यटन थाना ताज सुरक्षा, थाना किरावली, थाना चित्राहट, थाना बमरौली कटारा, थाना कमलानगर नहीं आ रहे हैं। एक थाने का नाम रिथोरा लिखा हुआ है, जिसका पता आवास विकास कॉलोनी, लोहामंडी, आगरा है। बहुत दिमाग लगाया लेकिन थाने का नाम पता नहीं चला।

पुलिस स्टेशन खंड में कोतवाली को कोट्वेली और छत्ता को चट्टा लिखा है। इसमें कमलानगर स्टेशन का उल्लेख है।

होटल (गूगल द्वारा स्रोत): हिंदी में ऐसे नाम लिखे हैं कि आप हँसे बिना नहीं रह सकते हैं। सबके नाम लिखे तो हंगमा हो जाएगा। एक होटल का नाम तो मैरियट आगरा द्वारा आंगन लिखा हुआ है।

पार्किंग (नगर निगम द्वारा): इस खंड में नहीं बताया गया है कि पार्किंग सशुल्क है या निःशुल्क।

 

अच्छी बातें

व्यापार पर्यटनः माइक्रो स्किल डवलपमेंट उत्पादों की जानकारी।

मुख्य बाजारः ताजगंज, सदर बाजार, किनारी बाजार, सुभाष बाजार, शाहगंज बाजार, राजा की मंडी, संजय प्लेस, जौहरी बाजार।

नया आकर्षणः ताजव्यू पॉइंट, आगरा चौपाटी, आय लव आगरा सेल्फी पॉइंट।

खाद्य पर्यटनः पेठा, दालमोंठ, परांठा, मुगलई खाना, चाट, बेड़ई और जलेबी की जानकारी।

होटल (गूगल द्वारा स्रोत): पांच, चार और तीन सितारा होटलों का विवरण है।

पार्किंग (नगर निगम द्वारा): शहर में संचालित पार्किंग।

आपातकालीन कॉल बॉक्स

सार्वजनिक शौचालय

फिलिंग स्टेशन

मुद्रा विनिमय

फेमस फूड पॉइंटः शाकाहारी, मांसाहारी, फास्ट फूड, कैफे।

पार्क और बगीचा।

हवाई अड्डा

रेलवे स्टेशन

एटीएम

स्टेडियम

ताज हेरिटेज वॉक

आगरा आर्ट एंड कल्चर हेरिटेज

आगरा वॉक टिकट बुकिंग

बुकिंग सेवाः मेरा शो बुक करें, विरासत बुकिंग, मेक माय ट्रिप, आईआरसीटीसी, गोईबीबो, रेडबस, ओला, उबेर।

सिटी बस

मार्ग सूचना

नागरिक सेवाएः बिजली बिल भुगतान, यातायात चालान  भुगतान, नगर निगम सेवाएं, अन्य नागरिक सेवाएं, बैंक अवकाश, एडीए, छात्रवृत्ति,  यूपी पेंशन सेवा, ई निविदा, पुलिस ऑनलाइन सेवा

आप जहां से वहां से तमाम स्थानों की दूरी पता कर सकते हैं। यह भी अच्छी पहल है।

Viral Video विश्व धरोहर सप्ताह के साथ फतेहपुर सीकरी के शेख सलीम चिश्ती दरगाह परिसर में अवैध दुकानें सजना शुरू, सुप्रीम कोर्ट के आदेश को ठेंगा

Dr. Bhanu Pratap Singh