आगरा: राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयन्त चौधरी ने शनिवार को यहां जाट बहुल क्षेत्र किरावली के जैंगारा में जनसभा करते हुए मतदाताओं की भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर के प्रति नाराजगी को कम करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि गांव के लोग किसी को भी माफ कर देते हैं। सांसद राजकुमार चाहर से भी कोई गलती हुई हो तो सभी माफ कर देंगे। क्योंकि उन्होंने माफी मांग ली है।
जयंत चौधरी भाजपा विधायक बाबूलाल की बगावत पर भी बोले कि चौ. बाबूलाल को सब्र नहीं होता है। पहले भी वे रालोद से टिकट लेकर चुनाव जीते थे। दो तीन साल बाद ही भाजपा में चले गए।
जयन्त ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वे हर वर्ग के लोगों का ध्यान रखते हैं। उत्तर प्रदेश को लेकर कहा कि यह हमारे संघर्ष की धरती है। दस साल तक हमने लाठियां खाई हैं। हमने व्यक्तिगत लाभ के लिए समझौता नहीं किया, बल्कि किसानों का लाभ देखते हुए समझौता किया है। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के सपनों को भाजपा आगे बढ़ाएगी।
जयंत ने कहा कि राहुल गांधी भारत के मूल सिद्धांत समझना नहीं चाहते। वे जातिगत गणना कराना चाहते हैं। जबकि हमारे यहां बहुत से लोग अपनी जाति बताना नहीं चाहते।
निरंतर नाराजगी दूर करने के प्रयास
सांसद राजकुमार चाहर के प्रति मतदाताओं की नाराजगी को कम करने का प्रयास भाजपा के राष्ट्रीय नेता भी कर चुके हैं। जातिगत समीकरणों को साधने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक समेत दिग्गज नेताओं की सभाएं कराई जा चुकी हैं। चाहर पर आरोप हैं कि पिछले चुनाव में जीतने के बाद उन्होंने अपने क्षेत्र की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया। फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर सात मई को मतदान होना है। उस दौरान ही पता चल सकता है कि मतदाताओं की नाराजगी कितनी दूर हुई।
- आगरा में ‘फिर हेरा फेरी’ स्टाइल में ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश: 21 दिन में पैसा डबल करने का लालच देने वाले 3 शातिर गिरफ्तार - October 19, 2026
- केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का विपक्ष पर बड़ा हमला: बोले— ‘भारत न तो बांग्लादेश है और न ही फ्रांस, यहाँ साजिशों से नहीं केवल चुनावों से होता है सत्ता परिवर्तन’ - October 18, 2026
- मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग: फुटबॉल खेलकर लौटते समय हुआ हमला, ड्राइवर घायल - October 18, 2026