वृंदावन। वृंदावन स्थित ठाकुर बांकेबिहारी की महिमा अपरम्पार है। देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी श्रद्धालु यहां अपने आराध्य के दर्शन के लिए प्रतिदिन पहुंचते हैं। विशेष पर्व, अवकाश और सप्ताहांत पर श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है, जिससे मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में भीड़ संभालना प्रशासन के लिए चुनौती बन जाता है। इन्हीं चुनौतियों के बीच एक बड़ी और पुरानी समस्या है, जिससे लगभग हर श्रद्धालु को दो-चार होना पड़ता है—मंदिर क्षेत्र में बंदरों का आतंक।
बांकेबिहारी मंदिर और उसके आसपास सैकड़ों की संख्या में बंदर घूमते रहते हैं। ये बंदर श्रद्धालुओं के चश्मे, मोबाइल, पर्स, बैग और प्रसाद छीनने में इतने माहिर हो चुके हैं कि लोग दर्शन से ज्यादा सतर्कता में समय बिताते नजर आते हैं। रोजाना दर्जनों श्रद्धालु बंदरों के आतंक का शिकार होते हैं। कई बार तो बंदर छीनकर ले गए सामान को तभी लौटाते हैं, जब उन्हें फ्रूटी, बिस्किट या अन्य खाने की चीजें दी जाएं। इससे न सिर्फ श्रद्धालुओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है, बल्कि भय और असुरक्षा का माहौल भी बना रहता है।
लगातार मिल रही शिकायतों और बढ़ती परेशानी को देखते हुए अब नगर निगम ने बंदरों को पकड़ने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। यह अभियान 25 नवंबर से प्रारंभ किया गया है, जिसे पूरे एक वर्ष तक चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य मंदिर क्षेत्र और आसपास के प्रमुख मार्गों को बंदरों से मुक्त कर श्रद्धालुओं को राहत देना है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, अभियान शुरू होने के महज 17 दिनों के भीतर करीब एक हजार बंदरों को पकड़कर सुरक्षित तरीके से जंगलों में छोड़ा जा चुका है। इस कार्य की जिम्मेदारी मंकी केचर के ठेकेदार राशिद को सौंपी गई है, जिनकी टीम विशेष प्रशिक्षण के साथ बंदरों को पकड़ने का काम कर रही है। पकड़े गए बंदरों को शहर से दूर जंगल क्षेत्रों में ले जाकर छोड़ा जा रहा है, ताकि वे दोबारा आबादी वाले इलाके में न लौट सकें।
नगर निगम का कहना है कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और चरणबद्ध तरीके से मंदिर क्षेत्र, परिक्रमा मार्ग और भीड़भाड़ वाले इलाकों से बंदरों को हटाया जाएगा। प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी और वे बिना किसी डर के ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन कर सकेंगे। साथ ही मंदिर की छवि और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी सकारात्मक संदेश जाएगा।
- Agra News: कुल्हाड़ा पहाड़ का संयुक्त निरीक्षण, यूपी सीमा में अवैध खनन के कोई संकेत नहीं - December 31, 2025
- मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में आगरा स्मार्ट सिटी की 39वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न, ट्रैफिक सिस्टम व ‘मेरा आगरा’ ऐप पर विशेष जोर - December 31, 2025
- Agra News: लोकतंत्र के प्रहरी लोकबंधु राजनारायण की पुण्यतिथि पर समाजवादियों ने अर्पित की श्रद्धांजलि - December 31, 2025