UN के कई प्रमुख निकायों में भारत का चयन, INCB में तीसरी बार निर्वाचित हुईं जगजीत पवाडिया

EXCLUSIVE

अंतर्राष्ट्रीय स्वापक नियंत्रण बोर्ड समेत संयुक्त राष्ट्र के कई प्रमुख निकायों के लिए भारत का चयन किया गया है। भारत की जगजीत पवाडिया ने अंतर्राष्ट्रीय स्वापक नियंत्रण बोर्ड (INCB) में तीसरी बार निर्वाचित होकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पवाडिया को संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक परिषद (ईसीओएसओसी) द्वारा आयोजित अत्यधिक प्रतिस्पर्धी चुनाव में सबसे अधिक वोट प्राप्त हुए हैं। पावडिया को गुप्त मतदान के जरिए मार्च 2025 से 2030 तक पांच साल के तीसरे कार्यकाल के लिए आईएनसीबी में फिर से चुना गया।

भारत को ईसीओएसओसी के मतदान करने वाले 53 सदस्यों में से 41 के वोट मिले, जो सभी विजेता सदस्य देशों में सबसे अधिक हैं। पावडिया ने 41 वोट के साथ कठिन चुनाव में शानदार जीत हासिल की जबकि दूसरे स्थान पर रहे उम्मीदवार को 30 वोट मिले।

बोर्ड की पांच सीट के लिए 24 उम्मीदवार थे, जिस कारण चुनाव अत्यधिक प्रतिस्पर्धी था। पावडिया 2015 से अंतरराष्ट्रीय स्वापक नियंत्रण बोर्ड की सदस्य हैं। उन्हें मई 2019 में 2020 से 2025 के पांच साल के कार्यकाल के लिए परिषद द्वारा फिर से चुना गया था। उन्होंने 2021 से 2022 तक बोर्ड अध्यक्ष के रूप में कार्य किया था।

भारत को इन निकायों में भी मिली सफलता

भारत को 2025 से 2029 तक की अवधि के लिए ‘कमीशन ऑन स्टेटस ऑफ विमेन’ (महिलाओं की स्थिति पर आयोग) के लिए भी चुना गया है। 2025-2027 की अवधि के लिए संयुक्त राष्ट्र बाल कोष के कार्यकारी बोर्ड, 2025-2027 के लिए परियोजना सेवाओं के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय और संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम एवं संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष के कार्यकारी बोर्ड में भी भारत को चुना गया है।

इसके अलावा भारत को 2025 से 2027 तक के कार्यकाल के लिए लैंगिक समानता एवं महिला सशक्तीकरण के लिए संयुक्त राष्ट्र इकाई के कार्यकारी बोर्ड और 2025-2027 कार्यकाल के लिए विश्व खाद्य कार्यक्रम के कार्यकारी बोर्ड के लिए भी चुना गया।

संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि राजदूत रुचिरा कंबोज ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘भारत अपने वसुधैव कुटुंबकम के सिद्धांत को कायम रखते हुए इन संयुक्त राष्ट्र निकायों के भीतर विमर्श में सक्रिय रूप से शामिल होने की अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है।

उन्होंने कहा कि मार्गदर्शन करने वाला यह दर्शन वैश्विक विचार-विमर्श में रचनात्मक और सहयोगात्मक योगदान देने, एकता की भावना को बढ़ावा देने और सभी की भलाई के लिए साझा जिम्मेदारी के प्रति हमारे समर्पण को रेखांकित करता है।

संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक परिषद (ईसीओएसओसी) ने अपने 17 सहायक निकायों में रिक्तियों को भरने के लिए मंगलवार को चुनाव कराए।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने एक्स पर कहा, ‘संयुक्त राष्ट्र में भारत ने महत्वपूर्ण जीत हासिल की। भारत ने 2025-2030 के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्वापक नियंत्रण बोर्ड का प्रतिष्ठित चुनाव पुन: जीता और कई प्रमुख संयुक्त राष्ट्र निकायों में सीट हासिल कीं।’

भारतीय मिशन ने कहा, ‘भारत हमेशा की तरह वसुधैव कुटुंबकम के हमारे समग्र दर्शन को ध्यान में रखते हुए इन निकायों में विचार-विमर्श में सक्रिय रूप से योगदान देना जारी रखेगा।

-एजेंसी

Dr. Bhanu Pratap Singh