Live Story Time
Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat. आगरा। जीव दया और करुणा से ओतप्रोत एक दृश्य आज प्रातः 5:00 बजे देखने को मिला, जब साध्वी मंडल का आगमन पक्षी घर एवं घायल पक्षी चिकित्सालय में हुआ। इस आध्यात्मिक अवसर पर जैन परिवार की ओर से राजकुमार जैन, सुनील कुमार जैन, ममता जैन एवं कविता जैन ने श्रद्धा भाव से साध्वी मंडल की अगवानी की। गुरु वंदन के साथ साध्वी मंडल को नमन वंदन कर भावपूर्ण स्वागत किया गया। पक्षी घर एवं चिकित्सालय का संचालन आगरा विकास मंच कर रहा है। स्थान नगर निगम द्वारा प्रदत्त है।
पंखों में बसी शांति, निगाहों में करुणा
साध्वी मंडल ने पक्षी घर में निवास कर रहे हजारों पक्षियों को स्वच्छंद वातावरण में निहार कर आत्मिक शांति की अनुभूति की। प्राकृतिक सौंदर्य और पक्षियों की चहचहाहट से गूंजते इस परिसर ने हर आत्मा को स्पर्श किया।
घायल पक्षियों के लिए मंगल कामना
घायल पक्षी चिकित्सालय का अवलोकन करते हुए साध्वी मंडल ने देखा कि किस प्रकार कर्मठ सेवा भाव से घायल पक्षियों की चिकित्सा हो रही है। उन्होंने नवकार मंत्र एवं मांगलिक पाठ के माध्यम से पक्षियों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। साध्वी मंडल का यह करुणा से भरा भाव दृश्य उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को भी भावविभोर कर गया।
संगीत और साधना का संगम
घायल पक्षी चिकित्सालय में नवकार मंत्र की मधुर धुन पर सजीव वातावरण ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। संगीत, सेवा और साधना का यह संगम जीवों के प्रति प्रेम और संवेदना का ज्वलंत उदाहरण बना।
आस्था की राह पर साध्वी मंडल का विहार
सेवा स्थलों के दर्शन उपरांत साध्वी मंडल ने मोती कटरा स्थित मंदिरों का दर्शन लाभ प्राप्त किया और रोशन मोहल्ला स्थित चिंतामणि पार्श्वनाथ श्वेतांबर जैन मंदिर की ओर विहार किया। यह यात्रा न केवल आध्यात्मिक बल्कि संवेदनशीलता और करुणा की प्रेरणादायी मिसाल बनी।
आगरा विकास मंच की जीव दया में अनूठी पहल
पक्षी घर एवं घायल पक्षी चिकित्सालय जैसे प्रेरणादायक सेवा कार्यों के लिए आगरा विकास मंच की सराहना करना आवश्यक है। जीवों के प्रति प्रेम, सेवा और दया की यह परंपरा समाज को सच्चे धर्म की ओर ले जाती है। मंच द्वारा संचालित यह सेवा स्थल न केवल पक्षियों के लिए एक आश्रय है, बल्कि मानवता के लिए करुणा और दया का जीवंत प्रतीक भी है।
- Agra News: प्राची, मेधा और आशिया को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाकर सीएमओ ने शुरू किया राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान - February 11, 2026
- CM योगी ने बजट को बताया यूपी के 9 वर्षों के ‘नवनिर्माण की गाथा’, कहा- ‘इज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के सिद्धांत पर काम कर रही है सरकार - February 11, 2026
- रिश्तों पर लगा कलंक: गोरखपुर में 15 साल के भतीजे को लेकर भागी 35 साल की चाची, शादी की जिद पर हुआ थाने में हाई-वोल्टेज ड्रामा - February 11, 2026