लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में नववर्ष के तीसरे दिन भी उत्साह और सक्रियता का माहौल बना रहा। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ और बुके भेंट कर नए साल की बधाई दी, जिस पर अखिलेश यादव ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश में खुशहाली की कामना की।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में हर वर्ग भ्रष्टाचार से त्रस्त है और लगभग हर विभाग में लूट मची हुई है। यूरिया खाद से लेकर धान खरीद तक कालाबाजारी, मुनाफाखोरी और भ्रष्टाचार चरम पर है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से बर्बाद कर दी गई है। किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और दुग्ध उत्पादकों को भी दूध का सही दाम नहीं दिया जा रहा, जबकि बिचौलिए और मुनाफाखोर सरकार के संरक्षण में लाभ कमा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता के साथ जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता को भाजपा सरकार की विफलताओं से अवगत कराना जरूरी है, क्योंकि भाजपा हर मोर्चे पर असफल साबित हुई है। बजट को लेकर गुमराह न होने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है और इसी राजनीति को हराना समाजवादी पार्टी का लक्ष्य है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 2026 में संगठनात्मक मेहनत ही 2027 में सफलता की नींव बनेगी। साथ ही चेतावनी दी कि भाजपा जनता को भ्रमित करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाएगी और मंत्रिमंडल विस्तार जैसे कदमों से लोगों को गुमराह करने की कोशिश करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर हर वर्ग को सम्मान मिलेगा, प्रदेश में विकास को गति दी जाएगी और किसानों व गांवों को खुशहाल बनाने के लिए ठोस फैसले लिए जाएंगे। युवाओं को नौकरी और रोजगार के अवसर मिलेंगे तथा महिलाओं की आर्थिक मदद के लिए हर साल 40 हजार रुपये देने की व्यवस्था की जाएगी। अन्याय और अत्याचार पर प्रभावी रोक लगाने का भी संकल्प दोहराया गया।
इस अवसर पर राजेन्द्र चौधरी, श्याम लाल पाल, अरविन्द कुमार सिंह, फरीद किदवई, अनिल वर्मा, समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी. पाण्डेय, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना इकबाल कादरी, राष्ट्रीय सचिव हाजी इरफान अंसारी, समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, फिरोज खान गब्बर, तेजेन्दर सिंह विर्क, पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, पूर्व एमएलसी रामबृक्ष सिंह यादव, श्रीमती राजबाला रावत, फखरूल हसन चांद, अमरजीत यादव सहित अनेक वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
- यूपी में विधान परिषद की छह शिक्षक सीटों पर चुनाव लड़ेगा राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ: डॉ. अनूप शर्मा - January 5, 2026
- यूपी पुलिस भर्ती 2026: सिपाही बनने का सपना होगा सच, सीएम योगी के निर्देश पर आयु सीमा में 3 वर्ष की बड़ी राहत - January 5, 2026
- जब भरोसा बना ब्रांड: क्यों ‘द मिस्त्री’ TheMistry केवल एक ऐप नहीं बल्कि सामाजिक-आर्थिक क्रांति है - January 5, 2026